दुर्गम ग्राम खिरखिरी में सड़क, बिजली, स्कूल भवन एवं हैण्डपंप की मिली स्वीकृति
अनुपस्थित अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश
अम्बिकापुर /छत्तीसगढ़ शासन के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्री अमजीत भगत मंगलवार को 4 किलोमीटर पैदल पहाड़ी पर चढ़कर दुर्गम ग्राम खिरखिरी पहुंचे। उनके साथ प्रशासनिक अधिकारी एवं स्थानिय जनप्रतिनिधि भी थे। अम्बिकापुर जनपद अन्तर्गत ग्राम पंचायत बड़ादमाली के आश्रित ग्राम खिरखिरी में यह पहला मौका था जब कोई कैबीनेट मंत्री आजादी के सात दशक बाद पहुंचा था। मंत्री श्री भगत ने ग्राम में चौपाल लगाकर लोगों की समस्याएं सुनी और उसका तत्काल निराकण के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने ग्राम की दुर्गम स्थिति को देखते हुए सबसे पहले आवागमन की सुविधा के लिए तीनों ग्राम पंचायत बड़ादमाली, ग्राम पंचायत रेम्हला तथा ग्राम पंचायत लब्जी की ओर से सड़क निर्माण की स्वीकृति प्रदान करते हुए वन विभाग राजस्व विभाग तथा जनपद पंचायत को तत्काल प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार बिजली की समस्या के निराकण के लिए विद्युत विभाग के अधिकारियों को आगामी अप्रैल माह तक बिजली पहुंचाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही स्कूल भवन, आंगनबाड़ी भवन तथा पेयजल की व्यवस्था के लिए 5 नग हैण्डपंप खनन की स्वीकृति प्रदान की। इस दौरान हितग्राहियों को राशन कार्ड एवं कंबल वितरित किया गया।
मंत्री श्री भगत ने कहा कि लोगों की समस्याओं का समाधान कर उन्हें बुनियादी सुविधा उपलब्ध कराना हमारी पहली प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित विभाग मुस्तैदी से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें। आज इस ग्राम में जिन बुनियादी सुविधाओं के निर्माण की स्वीकृति प्रदान की गई है उसे समय पर पूरा करने के लिए अभी से तैयारी शुरू कर दें। अगली बार यहां आने से पहले इस गांव तक एम्बुलेंस की पहुंच सुनिश्चित हो। मंत्री श्री भगत ने इस दौरान स्वास्थ्य विभाग का कोई अधिकारी उपस्थित नहीं होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए अपर कलेक्टर को कारण सूचना जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आज जो भी विभाग के अधिकारी अनुपस्थित है उन सब को नोटिस जारी करें तथा संतोषप्रद जवाब नहीं मिलने पर निलंबन की कार्यवाही भी करें। जो अधिकारी कर्मचारी जनता की समस्याओं का समाधान तथा उनको सहुलियत देने में कोताही बरतेगा उस पर कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने कहा स्कूल शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास, पीएमजीएसवाय, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा संचालित योजनाओं का इस गांव में पूरी तरह से क्रियान्वय सुनिश्चित करें। मंत्री श्री भगत ने कहा कि लखनपुर जनपद के कुछ ग्राम पंचायतों का खाता बैंक द्वारा होल्ड किया गया है, जिसे तत्काल अनहोल्ड कराएं ताकि मजदूरी सहित विभिन्न निर्माण कार्यो के भुगतान निर्वाध रूप से हो सके। उन्होंने अपर कलेक्टर को निर्देशित किया कि आज शाम तक उन सभी खातों को अनहोल्ड कराएं और लखनपुर के जनपद सीईओ को कारण बताओं सूचना जारी करें।
इस मौके पर सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक श्री आर.पी.साय, मुख्य वन संरक्षक कलेक्टर श्री संजीव कुमार झा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विनय कुमार लंगेह, श्री अनुराग श्रीवास्तव, विद्युत विभाग के मुख्य अभियंता, श्री भगत सहित अम्बिकापुर एवं लखनपुर जनपद के स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित थे।
लोगों की समस्याओं का निराकरण कर उन्हें सहुलियत देना हमारी प्राथमिकता- मंत्री श्री भगत खाद्य मंत्री श्री अमरजी भगत 4 किलोमीटर पहाड़ी चढ़ कर सुनी लोगों की समस्याएं
Leave a reply