samvaad
छत्तीसगढ़

हमारी सरकार राशन कार्ड से नाम काटने का नहीं बल्कि जोड़ने का काम करती है – मंत्री श्री भगत 42 जरूरतमंदों को स्वेच्छानुदान राशि का चेक वितरित

अम्बिकापुर / छत्तीसगढ़ शासन के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण तथा संस्कृति मंत्री श्री अमरजीत भगत आज मैनपाट जनपद के ग्राम राजापुर में आयोजित विकासखण्ड स्तरीय लोकनृत्य प्रतियोगिता में शामिल लोक नर्तकों को 2-2 हजार रूपए देने की घोषणा की। उन्होंने इस अवसर पर 42 जरूरतमंद हितग्राहियों को स्वेच्छानुदान राशि 10-10 हजार रूपए का चेक वितरित किया।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मंत्री श्री भगत ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के नेतृत्व वाली सरकार गरीबों के घर में राशन पहुंचाने का काम कर रही है। हमारी सरकार राशन कार्ड से नाम काटने का नहीं बल्कि हितग्राहियों को खोजकर उनका नाम राशन कार्ड में जोड़ने का काम करती है। पिछले वर्ष नवीन राशन कार्ड बनाने हेतु अभियान चलाया गया था और अभी भी जिन परिवारों के राशन कार्ड में त्रुटि है उसे सुधारने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अम्बिकापुर से सीतापुर तक सड़कों का जाल बिछाने का काम शीघ्र प्रारंभ होगा। चलता से हर्रामार एवं पेंट-पीडिया रोड भी अब बन जाएगा। सड़क बनने से लोगों को आवागमन में सुविधा होगी। हमारी सरकार सभी वर्गों के लोगों को योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है।
खाद्य मंत्री ने कहा कि सरकार ने मुझे खाद्य विभाग के साथ ही साथ संस्कृति विभाग की भी जिम्मेदारी दी है। अपने प्रदेश की संस्कृति के संरक्षण के लिए अनेक आयोजन किया जा रहा है। इसीक्रम में पिछले वर्ष से राष्ट्रीय आदिवासी महोत्सव जैसे कार्यक्रमों का आयोजन किया किया गया। उन्होंने कहा कि अपनी भाषा और संस्कृति को जानना भी है और बचाना भी है। इसके लिए युवा पीढ़ी को आगे आना होगा। उन्होंने कहा कि लोक कलाकारों को पहचान देने के लिए प्रदेश की संस्कृति विभाग द्वारा लोक कलाकारों का पंजीयन किया जा रहा है। संस्कृति विभाग के संस्था चिन्हारी में पंजीयन होने के पश्चात लोक कलाकारों को पंजीयन नम्बर दिया जाएगा। उन्होंने कहा चिन्हारी में पंजीकृत लोक कलाकारों को संस्कृति विभाग हर साल अनुदान देगी। यह अनुदान की राशि सीधे लोक कलाकारों के बैंक खाते में जमा की जाएगी। लोक कलाकारों के पंजीयन के लिए जिलों में संस्कृति विभाग द्वारा नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। जिन कलाकारों का नाम संस्कृति विभाग में दर्ज होगा उन्हें लोक कलाकार के नाम से जाना जाएगा।
मंत्री श्री भगत ने कहा कि पहले महोत्सव में स्थानीय कलाकारों को मौका नहीं मिलता था। इसलिए इस बार मैनपाट महोत्सव में लोग कलाकारों को मौका देने के लिए करमा, शैला और सुआ नृत्य का विकासखण्ड स्तरीय प्रतियोगिता रखा गया है। विकासखण्ड स्तर पर जो दल प्रथम स्थान पर आएगा उन्हें मैनपाट महोत्सव में मौका मिलेगा तथा उन्हें पुरस्कृत भी किया जाएगा।
इस अवसर पर पूर्व जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री अटल यादव सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी व कर्मचारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित थे।

Leave a Reply