अम्बिकापुर / जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र के महाप्रबंधक श्री अब्दुल शाकिर द्वारा जनपद पंचायत बतौली में 4 फरवरी को मुख्य कार्यपालन अधिकारी के मार्गदर्शन में तथा जनपद पंचायत लुण्ड्रा में 5 फरवरी को विधायक डॉ. प्रीतम राम की अध्यक्षता में उद्यमिता जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। इस शिविर में विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। इसके अलावा औद्योगिक नीति 2019-24, वनोपज, हर्बल तथा खाद्य प्रसंस्करण उद्योगों के निर्माण को प्रोत्साहित करने हेतु वनांचल उद्योग पैकेज, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, प्रधानमंत्री सुख्य खाद्य उद्योग उन्नयन योजना, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, स्टार्ट अप, स्टैण्ड अप योजना, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना एवं फुड पॉर्क की स्थापना के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। शिविरार्थियों को विभिन्न विभागीय योजनाओं का पम्पलेट एवं ब्रोसर प्रदान किया गया।
जनपद पंचायत सभाकक्ष लुण्ड्रा में विधायक डॉ. प्रीतमराम ने उपस्थित जन समुदाय, स्व समूह की महिलाएं एवं विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं, आई.टी.आई. के विद्यार्थियों एवं हितग्राहियों को उद्योग विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने हेतु प्रेरित करते हुए मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहित किया। Leave a reply