samvaad
छत्तीसगढ़

विकासखण्ड स्तरीय खिलौना प्रदर्शनी आयोजित

अम्बिकापुर / प्राथमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों को खेल-खेल में सीखने का अवसर प्रदान करने के लिए 3 फरवरी को विकासखण्ड स्तरीय खिलौना प्रदर्शनी का आयोजन संकुल केन्द्र केदारपुर में किया गया। विद्यालय स्तर पर चयनित बच्चों को संकुल स्तर पर चयनित करने के लिए विगत 27 जनवरी को खिलौना प्रदर्शनी आयोजित किया गया था।
जिला शिक्षा अधिकारी श्री आई.पी. गुप्ता एवं विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी श्री योगेश मिश्रा द्वारा आयोजित कार्यक्रम का अवलोकन किया गया। विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए खिलौने का मूल्यांकन डाईट अम्बिकापुर की व्याख्याता, सहायक विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी श्री बी.डी. सिंह एवं अम्बिकापुर के बी.आर.सी. श्री संजीव कुमार भारती द्वारा किया गया। संकुल केन्द्र केदारपुर की रीतु सोनवानी ने प्रथम, रिया बारी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। संकुल केन्द्र कतकालो की उर्मिला एवं रागिनी तथा फुन्दुरडिहारी संकुल की पार्वती, भगवानपुर संकुल की आरती तथा मेन्ड्राकला संकुल की जयतारा मिंज को तृतीय पुरस्कार के लिए चयनित किया गया। कार्यक्रम में चयनित प्राथमिक शालाओं के शिक्षक, विकासखण्ड के सभी संकुल के समन्वयक एवं पालकगण उपस्थित थे।

Leave a Reply