छत्तीसगढ़

जिले में अब तक 1.27 लाख मीट्रिक टन धान का उपार्जन शेष धान खरीदी हेतु जिले में बारदानों की पर्याप्त व्यवस्था

अम्बिकापुर / जिला विपणन अधिकारी ने बताया है कि खरीफ विपणन वर्ष 2020-21 में जिले में समर्थन मूल्य में अनुमानित धान उपार्जन की मात्रा 1.57 लाख मीट्रिक टन के विरूद्ध अब तक 1.27 लाख मीट्रिक टन धान का उपार्जन किया जा चुका है। शेष 30 हजार मीट्रिक टन धान की खरीदी हेतु लगभग 1500 गठान बारदानों की आवश्यकता होगी। बारदानों की आवश्यकता की पूर्ति हेतु उपार्जन समितियों, मिलरों तथा पीडीएस दुकानों से अतिरिक्त बारदाना सुनिश्चित की जाएगी। इसप्रकार जिले में धान खरीदी हेतु बारदानों की पर्याप्त व्यवस्था है।
जिला विपणन अधिकारी ने बताया कि इस वर्ष समर्थन मूल्य में धान विक्रय हेतु जिले में 38 हजार 422 किसानों का पंजीयन किया गया है। यह संख्या गतवर्ष किए गए पंजीकृत की संख्या 33 हजार 23 की तुलना 5 हजार 399 अधिक है। समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन हेतु जिले में 55 हजार 112 हेक्टेयर धान रकबे का पंजीयन किया गया है जो गत वर्ष पंजीकृत रकबे 53341.46 हेक्टेयर धान के पंजीकृत रकबे की तुलना में 17000.54 हेक्टेयर अधिक है। जिले में गिरदावरी के माध्यम से 6361 किसानों के 7514 हेक्टेयर नवीन रकबे का पंजीयन भी किया गया है।
ज्ञातव्य है कि गत वर्ष इसी अवधि में 17 हजार 818 किसानों में से 74 हजार 389 मीट्रिक टन धान का उपार्जन किया गया था। जिले में अब तक 72 प्रतिशत पंजीकृत किसान धान का विक्रय कर चुके हैं। जिले में धान बेचने वाले किसानों के विक्रय किए गए धान के एवज में अब तक 228.35 करोड़ रूपए से अधिक की राशि का भुगतान किया जा चुका है। धान उपार्जन समितियों में धान उपार्जन के लिए 1 हजार 50 गठान उपलब्ध है। जिले में कस्टम मिलिंग हेतु धान के उठाव से लगभग 100 गठान मिलर बारदाने प्राप्त होने हैं। पीडीएस दुकान से अतिरिक्त बारदानों से आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सार्वजनिक प्रणाली वितरण के अंतर्गत फरवरी 2021 के खाद्यान्न का आबंटन किया जा रहा है।
जिले में रकबे की सुधार के लिए किसानों से आवेदन लिए जा रहे हैं। 1 हजार 865 किसानों से आवेदन प्राप्त कर रकबा सुधार की कार्यवाही पूर्ण कर ली गई है। उल्लेखनीय है कि किसानों की सुविधा के लिए राज्य शासन द्वारा डायल 112 नम्बर जारी किया गया है। जिसमें धान बिक्री से संबंधित प्राप्त 214 समस्याओं का निराकरण कर लिया गया है।

Leave a Reply