अम्बिकापुर / भारत सरकार की कृषि अवसंरचना निधि (एआईएफ) योजना पर नाबार्ड द्वारा कार्यशाला का आयोजन नाबार्ड क्षेत्रीय कार्यालय रायपुर द्वारा भारत सरकार की कृषि अवसंरचना निधि (एआईएफ) योजना एवं नवीन कृषि विपणन अवसंरचना (न्यू-एएमआई) योजना पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में राज्य शासन के कृषि, पशुपालन, उद्यानिकी विभाग एवं विभिन्न बैंकों ने भाग लिया। इन दोनों योजनाओं पर किसान लाभार्थियों को उपलब्ध ब्याज सहायता एवं सब्सिडी की जानकारी साझा की गई एवं किसानो को बैंक द्वारा ऋण उपलब्ध कराने हेतु बैंकों को प्रोत्साहित किया गया। बैंकों द्वारा कार्यशाला में यह आश्वासन दिया गया कि वे इन परियोजनाओं को प्रोत्साहित करेंगे और इनका लाभ अधिक से अधिक किसानों को उपलब्ध करायेंगे।
ज्ञात हो की भारत सरकार की कृषि अवसंरचना निधि (एआईएफ) के अंतर्गत 3 प्रतिशत प्रति वर्ष की ब्याज सहायता उपलब्ध है। साथ ही भारत सरकार ने इस निधि के अंतर्गत ऋण की दर अधिकतम 9 प्रतिशत प्रति वर्ष तक निर्धारित की है। उक्त योजना के अंतर्गत लाभार्थी द्वारा ऋण प्रकरण को भारत सरकार के (एआईएफ) पोर्टल (www.agriinfra.dac.gov.in) पर अपलोड करना होता है। साथ ही, नवीन कृषि विपणन अवसंरचना (न्यू-एएमआई ) योजना के अंतर्गत पात्र गतिविधियों, जैसे की वेयरहाउस, गोदाम, कोल्ड स्टोरेज, धर्मकाँटा आदि के निर्माण हेतु 25 प्रतिशत तथा 33.33 प्रतिशत की अनुदान सहायता उपलब्ध है जो नाबार्ड और विपणन एवं निरीक्षण निदेशालय द्वारा संयुक्त रूप से दी जाती है।
Leave a reply