अम्बिकापुर वर्तमान सरकार के दो वर्ष के कार्यकाल पूरे होने पर जनसंपर्क विभाग द्वारा जिले में विकाससखण्ड स्तरीय फोटो प्रदर्शनी लगाई जा रही है। इसी क्रम में आज उदयपुर विकासखण्ड मुख्यालय में साप्ताहिक बाजार स्थल पर फोटो प्रदर्शनी लगाई गई। प्रदर्शनी का अवलोकन बुजुर्ग, युवा सहित दूरस्थ अंचलों से बाजार आये ग्रामीणों ने भी किया। फोटो प्रदर्शनी से दूर-दराज के ग्रामीणों को भी शासन की योजनाओं की जानकारी मिल रही है। फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन करने वालो को पाम्पलेट और योजनाओं की पुस्तिका सहित जानकारी भी दी जा रही है।उदयपुर विकासखण्ड के दूरस्थ वनांचल के ग्राम पहाड़ कोरजा के श्री महंगू राम, बाकोई के श्री श्याम मिंज, चकेरी के श्री चंदन सिंह आरमो तथा खोटरी के श्री शिव कुमार ने फोटो प्रदर्शनी को उपयोगी बताते हुए कहा कि हमे इन योजनाओं के बारे पता नही था फोटो से पता चल रहा कि ऐसी भी योजना सरकार चला रही है। इसप्रकार की फोटो प्रदर्शनी गांव- गांव में आयोजित होनी चाहिए।
उल्लेखनीय है कि वर्तमान सरकार के 2 वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने पर जनसंपर्क विभाग द्वारा विकासखण्ड स्तरीय विकास प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। प्रदर्शनी में मुख्यमंत्री हाट बाजार क्लीनिक योजना, मुख्यमंत्री सुपोषण अभियान, सुराजी गांव योजना, राम वनगमन परिपथ पर्यटन विकास योजना, मनरेगा, स्वावलंबन योजना आदि को आकर्षक और संक्षिप्त जानकारियों के साथ प्रस्तुत किया गया है।