अम्बिकापुर 25 दिसम्बर 2020/ समाज कल्याण विभाग सरगुजा के द्वारा संचालित हितग्राही मूलक योजनाओं में दिव्यांगजनों को पात्रतानुसार सहायक उपकरण का वितरण कर लाभान्वित किया जा रहा है। इसीक्रम में अम्बिकापुर के प्रेमा कालोनी निवासी दिव्यांग श्री सचिन कुमार को दिव्यांग सहायक उपकरण योजना से व्हीलचेयर प्रदान किया गया है जिससे सचिन को अब अपने दैनिक जीवन की विभिन्न कार्यो को संपादित करने में आसानी हो रही है।
प्रेमा कालोनी अम्बिकापुर निवासी सचिन कुमार जन्म से ही हाथ-पैर से दिव्यांग है। चलने-फिरने में असमर्थ हैं जिससे कहीं आने-जाने में असुविधा होती थी। सचिन के माता-पिता सब्जी बेचकर अपना जीवनयापन करते हैं। शासन की योजना के बारे में जानकारी मिलने पर उन्होंने समाज कल्याण विभाग में व्हीलचेयर के लिए आवेदन दिया। विभाग ने तत्काल ही उनको योजना के अनुसार व्हीलचेयर प्रदान कर, उनकी समस्या से निजात दिलाया। व्हीलचेयर पाकर सचिन खुश है। उल्लेखनीय है कि समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित दिव्यांगजन सहायक उपकरण योजना से दिव्यांगजन लाभान्वित हो रहे हैं। 40प्रतिशत से अधिक शारीरिक निःशक्तता को व्हीलचेयर तथा 80 प्रतिशत से अधिक की निःशक्तता पर मोटराइज्ड ट्राईसिकल तथा आवश्यकतानुसार अन्य सहायक उपकरण प्रदान करने की योजना है। महंगे सहायक उपकरण निःशुल्क पाकर लोग समाज कल्याण विभाग तथा राज्य शासन को धन्यवाद दे रहे हैं।
समाज कल्याण विभाग के उप संचालक श्री डी के राय ने बताया कि वर्ष 2020-21 में 2 हितग्राहियों को निःशुल्क ट्रायसिकल वितरित कर लाभान्वित किया गया है। इसी प्रकार 10 हितग्राहियों को मोटराइज्ड ट्रायसिकल, 7 हितग्राहियों को व्हीलचेयर, 8 हितग्राहियों को श्रवण यंत्र तथा 3 हितग्राहियों को वैशाखी प्रदान किया गया है। इस प्रकार कुल 30 हितग्राहियों को कृत्रिम यंत्र तथा सहायक उपकरण विभिन्न कैम्प के माध्यम से वितरित किया गया है