किसान आत्महत्या करता है तो सरकार शराबी-कबाबी कहकर करती है उसका अपमान : धरमलाल कौशिक
० ग्राम बबौली पहुंचकर मृत किसान के परिजनों से मिले विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, कहा- कांग्रेस 2 वर्ष के सत्ता के आनंद का मना रही उत्सव
अंबिकापुर. विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने सर्किट हाउस में प्रेसवार्ता कर प्रदेश की कांग्रेस सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि 2 वर्ष के कार्यकाल में ही प्रदेश 10 साल पीछे चला गया है और कांग्रेस 2 वर्ष का उत्सव मना रही है। यह उत्सव 2 वर्ष की सत्ता के आनंद का है। इससे पूर्व नेता प्रतिपक्ष लुंड्रा के ग्राम बबौली पहुंचकर मृत किसान के परिजन से मिले। उन्होंने कहा कि कर्ज से डूबे होने के तनाव में आकर किसान दशन राम ने आत्महत्या की लेकिन कांग्रेस सरकार उसे शराबी-कबाबी कहकर उसका अपमान कर रही है।
नेता प्रतिपक्ष कौशिक ने कहा कि भाजपा की डॉ. रमन सरकार द्वारा जनता के लिए चलाई गईं कई योजनाएं इस सरकार ने बंद कर दी हैं। स्मार्ट कार्ड योजना, जिसमें 50 हजार तक इलाज होता था, यह समाज हित में था लोगों को इससे लाभ मिलता था। अब लोगों को इलाज के लिए सोचना पड़ रहा है। सरकार नहीं चाहती कि इन योजनाओं का लाभ लोगों को मिले। चरण पादुका योजना, तेंदूपत्ता संग्राहकों का बीमा योजना बंद कर दिए जाने से लोग परेशान हैं। पीएम आवास योजना के लिए सरकार द्वारा नगरीय निकायों को पत्र जारी किया गया है कि पुराने कार्यों को पूरा करें, ऐसे में नया आवास नहीं बन रहा है। कौशिक ने कहा कि 2 साल के कार्यकाल की यह सरकार वाहवाही लूट रही है लेकिन ऐसा कोई भी काम नहीं बताया जो इन्होंने सरगुजा में किया हो। उन्होंने कहा कि किसान आत्महत्या करने पर विवश हैं। कोंडागांव से लेकर लुंड्रा तक किसान आत्महत्या कर रहे हैं। सीएम के क्षेत्र के कई किसान ऐसे किसान हैं जो आत्महत्या कर चुके हैं लेकिन सरकार का कोई भी नुमाइंदा पीड़ित परिवार से मिलने नहीं पहुंचा है।
टीएस के यूनिवर्सल हेल्थ स्कीम का अता-पता नहीं
नेता प्रतिपक्ष ने स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव पर तंज कसते हुए कहा कि छोटे साहब यूनिवर्सल हेल्थ लाने वाले हैं। यह कब आएगा? कब लागू होगा? इसका अता-पता ही नहीं है। 2 साल हो गए लेकिन किसी को इसका लाभ नहीं मिला है। चिकित्सकों की भर्ती बंद हो गई है। रायपुर से उधार में डॉक्टर लाकर मेडिकल कॉलेज अस्पताल चलाया जा रहा है।
शराब बंदी की बात करने वाले घर-घर पहुंचा रहे शराब
धरमलाल ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने अपने घोषणा पत्र में 2500 रुपए में धान खरीदने बात कही थी लेकिन एक भी किसान के खाते में इतनी राशि नहीं पहुंची है। बोनस की बात तो भूल ही जाएं। शराब बंदी की घोषणा करने वाली सरकार घर-घर शराब पहुंच सेवा दे रही है। बेरोजगारों को ठगने का काम यह सरकार कर रही है।
दशन राम को शराबी-कबाबी कहकर किया जा रहा अपमान
धरमलाल ने कहा कि मैं दशन राम के परिवार से मिला। उसने ट्रैक्टर लोन का 2 किश्त नहीं पटाया था, जो 1 लाख से ऊपर था। कोरोना काल में झारखंड से मजदूर आने वाले थे लेकिन नहीं आ पाए तो छिंटाई कर धान उगाया था। ऐसे में फसल नहीं हुई और लाभ नहीं मिला। सिंचाई के लिए भी लोन लेकर बोर कराया था, इस राशि को भी बैंक ने पीएम आवास से आई राशि से समायोजित कर लिया था। इससे वह परेशान था। जब किसान ने कर्ज के बोझ तले दबकर आत्महत्या की है तो सरकार उसे शराबी और शबाबी बताकर अपमान कर रही है।
माओवादी बोली की जगह गोली से कर रहे बात
कांग्रेस सरकार पर हमला करते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि उन्होंने कहा था कि सत्ता में आने के बाद हम माओवादियों से गोली नहीं बोली से बात करेंगे। लेकिन वही माओवादी आज इन्हें बोली का जवाब गोली से दे रहे हैं। मनरेगा जैसे काम इस सरकार में विफल हैं। मनरेगा का पैसा गोठान, चबूतरे जैसे निर्माण कार्यों में लगाए जा रहे हैं। केंद्र की राशि से यहां की सरकार चल रही है।
दशन राम के परिजन को दी सहायता राशि
नेता प्रतिपक्ष मृत किसान दशन राम के परिजन से मिलने ग्राम बबौली पहुंचे थे। उन्होंने उसके परिजन से मुलाकात की। इसके बाद सहायता राशि के रूप में 11 हजार रुपए दिए। इसके अलावा नेता प्रतिपक्ष से मिलने उदयपुर क्षेत्र के 5 पंडो ग्रामीण अंबिकापुर पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि वनभूमि की पट्टे की जमीन पर उन्होंने धान की खेती की थी लेकिन सोसायटी ने धान खरीदने से इनकार कर दिया। जबकि पिछली बार उन्होंने इसी जमीन पर धान उगाकर बेचा था। उन्होंने बताया कि वे सभी 8 हजार लेकर 30 हजार तक के कर्ज से दबे हैं।
किसान आत्महत्या करता है तो सरकार शराबी-कबाबी कहकर करती है उसका अपमान : धरमलाल कौशिक ० ग्राम बबौली पहुंचकर मृत किसान के परिजनों से मिले विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, कहा- कांग्रेस 2 वर्ष के सत्ता के आनंद का मना
Leave a reply