अम्बिकापुर / कलेक्टर श्री संजीव कुमार झा ने कहा है कि जिन गोठानो में पानी, पहुंच मार्ग, बस्ती के नजदीक तथा सक्रिय समूह जैसे बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध है उन्ही गोठानो को आदर्श गोठान के रूप में चिन्हित करें। पहले आदर्श गोठानो में मल्टी एक्टिविटी गतिविधियों संचालित कर विकसित करें उसके बाद उसी के तर्ज पर बाकी गोठानो को विकसित करें। कलेक्टर ने यह निर्देश आज यहां जिला पंचायत सभा कक्ष में आयोजित बैठक में अधिकारियों को दिए।
कलेक्टर ने कहा कि पूर्व में चिन्हांकित आदर्श गोठान की समीक्षा कर प्रत्येक जनपद में 2-2 आदर्श गोठान चिह्नांकित करें जिसमे बुनियादी सुविधाएं मौजूद हो। उन्होंने राष्ट्रीय राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के जिला प्रबंधकों को सभी जनपद के लिए अगले 7 दिन में आदर्श गोठान चिन्हांकित कर जनपद सीईओ के समन्वय से गोठानो को विकसित करने का कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि डबरी निर्माण गोठान के बीच मे कदापि न करे। जल स्रोत तथा जल निकासी का विशेष ध्यान दे। जनपद सीईओ हर सप्ताह कम से कम दो बार गोठानों का भ्रमण जरुर करें।
कलेक्टर ने कहा कि गोठान में कृषि और उद्यानिकी फसलों के लिए दोनों विभाग फसल चक्र तैयार करें। खरीफ और रबी सीजन में क्या फसल कब लगाना है यह पहले से तय रहे ताकि पूरे साल भर गोठान में खेती के कार्य चलता रहे। कम समय के फसल जिमीकंद एवं शकरकंद की खेती को प्रोत्साहित करें। उन्होनें कहा कि उत्पादित फसलों को वाजिब दाम के लिए बेहतर विपणन की व्यवस्था करें।
कलेक्टर ने जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को गोठानो की गतिविधियों की सक्रिय निगरानी के निर्देश देते हुए कहा कि ग्राम पंचायत सचिव एवं गोठान प्रबंधन समिति को सक्रिय करें।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री विनय कुमार लंगेह सहित सभी जनपदों के सीईओ, कृषि विभाग, उद्यानिकी विभाग एवं पशुपालन विभाग के अधिकारी उपस्थित थे। बुनियादी सुविधायुक्त गोठानों को ही बनाएं आदर्श – कलेक्टर नरवा, गरवा, घुरूवा और बाड़ी योजना की समीक्षा बैठक सम्पन्न
Leave a reply