अम्बिकापुर / महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गांरटी योजना कोविड-19 संक्रमण काल में ग्रामीण क्षेत्रों के श्रमिकों के लिए वरदान साबित हो रहा है। जहां एक तरफ महानगरों से श्रमिक अपने मूल गांवों की और लौट रहे थे वही दूसरी तरफ शहर बंद होने से दिहाड़ी मजदूर भी काम न मिलने से निराश थे ऐसे में ग्राम पंचायतों में कोविड 19 के सुरक्षात्मक तरीकों को अपनाते हुए तथा पंचसूत्र का पालन कराते हुए मनरेगा कार्य खोले गए और ग्रामीणों को रोजगार दिया गया।कोविड-19 से बचाव हेतु अपनाए जाने वाले सुरक्षित उपायों को बताने के लिए शासन द्वारा निर्धारित पंचसूत्रों का पालन कार्यस्थलों पर बैनर में प्रतीकात्मक चित्रों के माध्यम से प्रायोगिक रूप से कराने पर जोर दिया गया ताकि सभी लोग कार्यस्थल पर जागरूक हो एवं संक्रमण का प्रसार को रोकने ठोस पहल निश्चित हो सके।
सरगुजा जिले के बतौली विकासखण्ड के ग्राम पंचायत सेदम के रोजगार सहायक सुश्री किरण सिंह के द्वारा मनरेगा कार्य स्थलों पर पंचसूत्र का बैनर लगाकर लोगों को मास्क की उपयोगिता, हाथ की धुलाई की सुनिश्चितता,एक निश्चित दूरी एवं भीड़-भीड़ न करने तथा शारीरिक स्वच्छता का पालन कराया जा रहा है। कोविड-19 के संक्रमण काल में सुरक्षात्मक तरीके अपनाने के लिए मनरेगा कार्यस्थलों पर पंचसूत्र का पालन प्रमुखता से कराने पर विशेष जोर दिया गया जिससे श्रमिकों में काफी जागरूकता आई और वे बताए गए तरीकों को अपनी दिनचर्या में शामिल कर उनका पालन करने लगें।