मु
अम्बिकापु/ मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के 13 एवं 14 दिसम्बर 2020 को संभावित सरगुजा प्रवास पर आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों की समीक्षा कलेक्टर श्री संजीव कुमार झा ने आज जिला पंचायत सभाकक्ष में अधिकारियों की बैठक लेकर की। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी शासकीय स्नात्कोत्तर महाविद्यालय ग्राउंड में प्रस्तावित मुख्यमंत्री के सभा में आने वाले अधिकारी, कर्मचारी तथा आम जनता को कोविड-19 के संक्रमण से बचाव हेतु मास्क पहनना जरूरी होगा। इसके साथ ही सभा स्थल में गर्भवती, शिशुवती, दिव्यांग एवं बुजुर्गों को साथ में न लाएं। कलेक्टर ने बताया कि पीजी कॉलेज ग्राउंड में करीब डेढ़ लाख स्क्वेयर फीट में सभा स्थल बनाया जाएगा जिसमें मुख्य मंच सहित जनप्रतिनिधियों एवं आमजनता के लिए बैठक व्यवस्था की जाएगी।कलेक्टर ने जिले में मुख्यमंत्री के कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए अधिकारियों को दायित्व सौपते हुए समय-सीमा में कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। वाहनों के पार्किंग के लिए निर्धारित स्थल का चयन करने तथा कार्यक्रम के प्रारंभ से लेकर समाप्ति तक सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले आम जनता को आने – जाने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। संबंधित नोडल अधिकारी वाहनों के सुरक्षित पहुंचने की पुष्टि करेंगे।
इस बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री टी आर कोशिमा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विनय कुमार लंगेह, अपर कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगडे़, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री ओम चन्देल सहित एसडीएम एवं जनपद सीईओ उपस्थित थे।