अम्बिकापुर / कलेक्टर श्री संजीव कुमार झा ने कहा है कि उपार्जन केन्द्रों में धान बेचने में वास्तविक किसानों को किसी प्रकार की समस्या न होने दें। 112 एवं 100 नम्बर पर प्राप्त किसानों की समस्याओं के निराकरण के लिए कंट्रोल रूम में कर्मचारियों की ड्यूटी लगाकर समस्या निराकरण संबंधी पंजी भी संधारित करें। कलेक्टर यह निर्देश आज यहां जिला पंचायत सभाकक्ष में धान खरीदी के संबंध में आयोजित बैठक में अधिकारियों को दिए।कलेक्टर ने कहा कि 112 एवं 100 नम्बर पर प्राप्त शिकायत को कंट्रोल रूम के कर्मचारी तत्काल संबंधित एसडीएम, तहसीलदार एवं जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को दें। पंजी में संबंधित किसान के नाम, पता एवं समस्या दर्ज करने के साथ ही निराकरण की स्थिति भी दर्ज करें। उन्होने कहा कि किसानों की समस्या के समाधान के लिए सूचनातंत्र को मजबूत करें। सरपंच, सचिव, कोटवार, पटेल तथा शिक्षकों के माध्यम से किसानों की जानकारी अद्यतन रखें। किसानों को शासकीय या अशासकीय बैंक से लिए गए ऋण चुकाने में कोई परेशानी हो तो उसकी मदद करें। इसके साथ ही थानों से प्राप्त सूचनाओं को भी गंभीरता से लें।
हाथी प्रभावित परिवारों की हो समुचित व्यवस्था – कलेक्टर ने मैनपाट जनपद के पेंट एवं पीडिया क्षेत्र में हाथियों के हमले से घबराकर पहाड़ी पर जाने वाले पहाड़ी कोरोवा परिवारों के लिए तत्काल समुचित व्यवस्था करने के निर्देश जनपद के सीईओ को दिए। उन्होंने कहा कि सभी सभी परिवारों का पहाड़ी से नीचे लाकर आस-पास के स्कूल में रहने तथा गरम कपड़े की व्यवस्था करें। खाने के लिए सुखा राशन भी उपलब्ध कराएं।
ठंड और भूख से न हो किसी की मौत – कलेक्टर ने कहा कि जिले में धीरे-धीरे ठंड बढ़ती जा रही है ऐसे में ठंड और भूख से किसी भी व्यक्ति की मौत नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में ठंड से बचने के लिए अलाव की व्यवस्था करें। इसके साथ ही जरूरतमंदों को ठंड से बचने के लिए कबंल भी उपलब्ध कराएं।
इस बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री टी आर कोशिमा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विनय कुमार लंगेह, अपर कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगडे़, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री ओम चन्देल सहित एसडीएम एवं जनपद सीईओ उपस्थित थे।