निर्धारित तौल से ज्यादा धान होने पर ऑपरेटर को नोटिस
अम्बिकापुर /कलेक्टर श्री संजीव कुमार झा ने आज धान उपार्जन केंद्र नमनाकला के अंतर्गत आने वाले उपकेंद्र सरगवां एवं परसा का निरीक्षण कर उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने तौल किये गए धान में अधिक मात्रा पाए जाने के कारण कम्प्यूटर ऑपरेटर श्री सुखन सिंह राजवाड़े को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री झा ने कहा कि धान खरीदी केंद्र में बारदाना की व्यवस्था पहले से रखें। सभी बारदाने में मार्किंग होना अनिवार्य है। कोचियों से बिल्कुल सतर्क रहें। धान बेचने आने वाले किसान अगर जूट बोरी लेकर आये तो उनका नाम, नंबर नोट करके रखें तथा उनके धान की बिक्री हो जाने पर जूट की बोरी को उनसे खरीद लें। सभी धान उपार्जन केंद्रों में धान खरीदी से संबंधित सभी पंजियों का संधारण करना अनिवार्य है।
धान खरीदी केंद्र सरगवां में कुल 33 गांवों के 675 किसान धान बेचने के लिए आते हैं। यहां पर धान बेचने के लिए आये किसान बिन्देश्वर शरण की ऋण पुस्तिका, टोकन पर्ची तथा धान का मिलान किया गया। खरीदी केंद्र परसा में कुल 8 गांवों में 370 पंजीकृत किसान धान बेचने आते हैं। कलेक्टर श्री झा ने निरीक्षण के दौरान समिति प्रबंधकों से धान समिति में पंजीकृत किसानों की संख्या, कुल रकबा, तराजू-बांट, नमी मापक यंत्र, कम्प्यूटर सिस्टम की उपलब्धता सहित खरीदी केंद्र में संधारित की जाने वाली पंजी का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर श्री ए.एल. ध्रुव, तहसीलदार श्री किशोर वर्मा सहित मार्कफेड के अधिकारी मौजूद थे।