पहले दिन जिले के 76 किसानों ने बेचे 3 हजार 9 क्विंटल धान
अम्बिकापुर / खरीफ सीजन 2020-21 में समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी 1 दिसम्बर से जिले के उपार्जन केन्द्रों में शुरू हुआ। उपार्जन केन्द्रों मे समर्थन मूल्य में धान बेचने आए किसानों में भारी उत्साह देखा गया। पहले दिन जिले के 19 उपार्जन केन्द्रों में 76 किसानों के द्वारा 3 हजार 9 क्विंटल धान बेचा गया।
इसीक्रम में आज 1 दिसम्बर को अम्बिकापुर विकासखंड के मेंड्राकला सेवा सहकारी समिति में पूजा-अर्चना कर आसपास के किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस दौरान सहकारी समिति के अध्यक्ष श्री बढ़ाराम ने किसानों को टोकन जारी करने की कार्रवाई की जानकारी प्राप्त की। धान बेचने आए ग्राम केराकछार के कृषक श्री सहदेव राजवाड़े ने बताया कि वे 35 क्विंटल धान तौल के लिए लेकर आये हैं। समर्थन मूल्य में धान खरीदी को लेकर सहदेव उत्साहित नजर आए। कृषक श्री देवेंद्र कुमार ने बताया कि उनके द्वारा करीब 3 एकड़ जमीन में धान की खेती की गई जिसमें करीब 40 क्विंटल धान की उपज हुई। इसे बेचने के लिए मंडी लेकर आया हूँ। 25 सौ रुपये में धान खरीदी किसानों के लिए लाभकारी योजना है। धान बेचकर किसान शादी-ब्याह, खेती-किसानी तथा अन्य आवश्यक कार्य करते हैं।
शासन के मंशानुरूप सभी केंद्र प्रभारियों को केंद्र में धान बेचने वाले किसानों को किसी प्रकार की असुविधा ना हो यह सुनिश्चित करने कहा गया है। कोरोना संक्रमण से बचाव के मद्देनजर उपस्थित किसानों को खरीदी केंद्र में मास्क लगाकर आने तथा फिजिकल डिस्टेंस का अनिवार्य रूप से पालन करने निर्देशित किया गया है।