0 एसपी बोले- संदिग्धों की निगरानी के लिए प्रतिष्ठानों में लगाए सीसीटीव्ही
0 बैठक में एसपी की व्यवसायियों को सलाह
*सूरजपुर। एस पी ने नगर के व्यवसायियों की बैठक लेकर उनसे सीसीटीव्ही की उपलब्धता, औचित्य तथा सुरक्षा विषयों को लेकर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि अपराधों की रोकथाम और अपराध अन्वेषण एवं खोज-बीन के लिए नवीन तकनीक का उपयोग सबसे कारगर साबित हो रहा है। शहर के मुख्य चौक-चौराहों पर सीसीटीव्ही कैमरा के अलावा हम सभी की जिम्मेदारी है कि अपनी सुरक्षा के लिए खुद जागरूक रहें और इसके उपाए करें। एसपी ने कहा कि संयुक्त रूप से सुरक्षा को प्राथमिकता देना है जिससे अपराध पर अंकुश लगे और असामाजिक तत्वों पर इसका खौफ बना रहेगा। अपराध को रोकने के लिए सभी सतर्क रहे और सीसीटीव्ही कैमरा लगाकर हमें सहयोग प्रदान करें। उन्होंने प्रतिष्ठानों में काम करने वाले व्यक्तियों का पुलिस वेरिफिकेशन अनिवार्य रूप से कराने की समझाईश दी। उन्होंने कहा कि व्यापारीगण दुकान के आंतरिक सुरक्षा को प्रथम तथा बाहरी सुरक्षा को दूसरे स्थान पर प्राथमिकता देते है जिसका अपराधियों को लाभ मिलता है। अपराधी वारदात को अंजाम देने के बाद सीसीटीव्ही कैमरे के हार्डडिस्क की तोड़फोड़ कर या उसे लेकर फरार हो जाते है जिसके कारण पुलिस को घटना की जांच व अपराधियों तक पहुंचने में दिक्कत होती है। सभी व्यापारीगण अपने-अपने प्रतिष्ठानों में सीसीटीव्ही कैमरा अवश्य लगवाए व कम से कम 2 कैमरा दुकान के बाहर इस तरह से लगवाए जिससे रोड़ पर होने वाली गतिविधियों एवं संदिग्धों पर नजर रखी जा सके, यथासंभव सीसीटीव्ही कैमरा अच्छी क्वालिटी के लगवाए, कई बार यह देखने को मिला है कि संदेही तो दिख रहे है किन्तु पिक्चर क्वालिटी अच्छी नहीं होने के कारण उन्हें पहचानने में काफी मशक्कत करनी पड़ती है।
एसपी ने मांगा व्यवसायियों से सहयोग
बैठक में एसपी ने नगर में लगे सीसीटीव्ही कैमरा के अद्यतन स्थिति की जानकारी ली और व्यवसायियों से प्रमुख चौक-चौराहों सहित अन्य संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीव्ही लगाने हेतु सहयोग करने की अपील की। सभी ने सहयोग का आश्वासन दिया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर, सीएसपी जे.पी.भारतेन्दु, एसडीओपी ओड़गी मंजूलता बाज, एसडीओपी प्रेमनगर प्रकाश सोनी, थाना प्रभारी दीपक पासवान, सीएमओ नपा दीपक एक्का सहित काफी संख्या में नगर के व्यापारीगण मौजूद रहे।