samvaad
छत्तीसगढ़

सभी गोठानो मे वर्मी कम्पोस्ट खाद बनाना शुरू करें- प्रभारी कलेक्टर अनुपस्थित रहने पर वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी को कारण बताओ सूचना समय सीमा की बैठक सम्पन्न

अम्बिकापुर / प्रभारी कलेक्टर एवं जिला पंचायत के सीईओ श्री कुलदीप शर्मा ने आज जिला जिला पंचायत सभा कक्ष में साप्ताहिक समय सीमा की बैठक में विभागीय कार्यो की समीक्षा की। उन्होंन गोठानो में वर्मी कम्पोस्ट खाद बनाने की समीक्षा करते हुए कहा कि जितने सभी पूर्ण हो चुके गोठानो में गोधन न्याय योजना के तहत खरीदे गए गोबर से वर्मी कम्पोस्ट बनाना शुरू करें। वर्मी कामोष्ट गुणवत्तापूर्ण हो इसके लिए प्रशिक्षण में बताए अनुसार ही वर्मी टांका में गोबर, कचड़ा और केंचुआ डालें। इस दौरान विकासखण्ड सीतापुर के वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी के बिना सूचना के अनुपस्थित रहने पर कारण बताओ सूचना जारी करने के निर्देश दिये गए। इसी प्रकार उन्होंने बतौली के वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी के द्वारा वर्मी कम्पोस्ट बनाने में रुचि नही दिखाने पर फटकार लगाते हुए एक सप्ताह में प्रगति लाने के निर्देश दिए।
प्रभारी कलेक्टर ने कोविड 19 की रोकथाम तथा निगरानी की समीक्षा करते हुए कहा कि जिले में कोविड के केस पिछले कुछ दिनों से बढ़ रहे हैं जो चिंता का विषय है। इस पर अंकुश लगाने की आवश्यकता है। उन्होने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांटेक्ट ट्रेसिंग को बढ़ाएं तथा सर्विलेन्स टीम मॉनिटरिंग में चुस्ती लाएं। उन्होंने कहा कि जैसे ही लक्षण का पता चलता है चिन्हांकित व्यक्ति को जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचाएं और तत्काल ईलाज प्रारंभ करें। उन्होंने कहा कि मेडिकल दुकानों में बिना पर्ची के दवाई लेने  आने वालों की मॉनिटरिंग करें तथा दवाई लेने वालों का कोविड जांच संबंधित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में कराये।
श्री शर्मा ने कहा कि प्रत्येक विकासखण्ड में विकासखण्ड स्तर तथा क्लस्टर स्तर पर व्हाट्सएप्प ग्रुप बनाये जिसमे एसडीएम, तहसीलदार, बीएमओ, सीडीपीओ, ग्राम पंचायत सचिव, रोजगार सहायक एवं वार्ड पंच को जोड़ें। प्रतिदिन की जांच रिपोर्ट इस ग्रुप में साझा करें। उन्होंने कहा कि नगर निगम की टीम बिना मास्क लगाएं निकलने वालों पर जुर्माना लगाने तथा दुकानों में नो मास्क नो गुड्स फिर से लागू  कराएं। 

धान खरीदी केंद्रों में भी होगी गोल मार्किंग- प्रभारी कलेक्टर ने 1 दिसम्बर से शुरू ही रहे धान खरीदी की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि कोरोना संक्रमण के रोकथाम के लिए तथा सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने के लिए सभी खरीदी केंद्रों में 2 गज की दूरी पर सफेद गोल घेरा मार्किग कराये। इस घेरा में नंबरिंग भी करें। किसानों को जारी किए गए टोकन नंबर के अनुसार घेरे में अंकित नंबर पर किसानों को अपने सामान के साथ खड़ा होना होगा। उन्होंने कहा कि धान खरीदी केंद्रों का चेक लिस्ट के अनुसार जांच कर पूरी तैयारी सुनिश्चित करें।
अब कुपोषित बच्चों को मिलेगा 5 दिन अण्डा- प्रभारी कलेक्टर ने कहा कि मुख्यमंत्री सुपोषण अभियान की सफलता को देखते हुए अब आंगनबाड़ी केंद्रों के कुपोषित बच्चों को सप्ताह में 5 दिन उबला हुआ अंडा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी खोलने में जिन ग्राम पंचायतों के द्वारा सहमति दी जाएगी वहॉ के कुपोषित बच्चों को दोपहर 12 से 1 बजे के बीच उबला हुआ अंडा दे और जिन पंचायतो में आंगनबाड़ी नही खुलेंगे वहां बच्चो को घर पहुंचकर देना होगा। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सुपोषण अभियान के द्वारा जिले के आंगनबाड़ियों में दर्ज 18 हजार कुपोषित बच्चों में से करीब 6 हजार कुपोषण से बाहर आ गए है । श्री शर्मा ने इस योजना की मॉनिटरिंग के लिए सभी जिला अधिकारियों को आंगनबाड़ियों का औचक निरीक्षण के निर्देश दिए।
बैठक में सहायक कलेक्टर श्री विश्वदीप, अपर कलेक्टर द्वय श्री ए.एल. ध्रुव व सुश्री संतन देवी जांगड़े सहित एसडीएम, तहसीलदार, जनपद सीईओ एवं जिला अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply