छत्तीसगढ़ राज्य गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष ने किया गायत्री मंदिर परिसर स्थित गौशाला का निरीक्षण
*0 बोले- पहले से नहीं था मालूम अन्यथा नियमित कार्यक्रम बना कर आते यहां
सूरजपुर। छत्तीसगढ़ राज्य गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष राजेश्री डॉक्टर महन्त रामसुन्दर दास महाराज पीठाधीश्वर दूधाधारी मठ रायपुर यहां गायत्री मंदिर स्थित माँ भगवती देवी गौशाला पहुचे थे। जहां उन्होंने सर्व प्रथम माता गायत्री की पूजा अर्चना पश्चात गौशाला का निरीक्षण किया।इस दौरान उन्होंने समिति के सदस्यों और गौशाला के निर्माण तथा गौसेवा के निमित्त किये गए व्यवस्था की प्रशंसा करते हुये कहा कि उन्हें पहले से नहीं मालूम था अन्यथा नियमित कार्यक्रम बना कर वे यहां आते। उन्होंने कहा कि प्रदेश की 10 बड़ी और सुव्यवस्थित गौशाला में से एक है माँ भगवती देवी गौशाला इसका तकनीकी रूप से श्रेष्ठ निर्माण है और यहां गौ सेवा की उत्तम व्यवस्था है। बिना शासकीय अनुदान इतनी बड़ी व्यवस्था के लिए उन्होंने समिति की सराहना करते हुए कहा कि यहां के लोगो का गौ प्रेम देखकर उनका मन अभिभूत है। इस गौशाला के पंजीयन और अनुदान हेतु हर सम्भव मदद का भरोसा दिलाते हुए अपने साथ दौरे पर आए पंजीयक गौ सेवा आयोग श्री शुक्ला को इस संबंध में समुचित कार्रवाई किये जाने हेतु निर्देश दिया। गौशाला समिति की ओर से महंत जी का स्वागत वैदिक परंपरा के अनुसार पाद प्रक्षालन एव मंत्रोच्चार के मध्य शाल और श्रीफल भेंट कर किया गया। जिसमें पंडित राजेश द्विवेदी, पंडित राजेश दुबे, पंडित दिनेश मिश्रा सहित 11 वेदपाठी विप्र उपस्थित थे। तत्पश्चात महंत जी ने गौ सेवा के निमित्त तुलादान किया। जिसमें महंत जी के वजन के बराबर चूनी, खली, हरा चारा, केले और गुड़ का भोग अर्पित किया गया। गौ पूजन करने के पश्चात महंत जी ने गौशाला का निरीक्षण करते हुए विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
उल्लेखनीय है कि स्थानीय गायत्री मंदिर परिसर में मां भगवती देवी गौ सेवा समिति द्वारा सदस्यों के सहयोग से गौशाला शेड का निर्माण कर स्थानीय नागरिकों के सहयोग से गौशाला संचालन विगत 5 वर्षों से किया जा रहा है। समिति के द्वारा सहयोग स्वरूप जन्मदिन, पुण्यतिथि आदि अवसरों नागरिकों से तुलादान लेने की व्यवस्था बनाई गई है तथा एक गाय के एक दिन का व्यय 30 रुपये के मान से एक माह का 900 रुपये अथवा 11000 वर्षिक लेने का विधान बनाया गया है साथ ही नगर में गौ गुल्लक वितरित किये गये हैं जिनके माध्यम से नागरिकों से सहयोग लिया जाता है। गौशाला में वर्तमान में 176 गौवंश हैं जो कि सभी अशक्त, असहाय और समाज से त्यक्त हैं। जिन्हें सेवा के उद्देश्य से लाकर रखा गया है। कार्यक्रम में सम्बोधित करते हुए रामकृष्ण ओझा ने गौशाला की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की और गौशाला के पंजीयन संबंधी दस्तावेज की प्रतियां महंत जी को सौंपा। कार्यक्रम का संचालन सुनील अग्रवाल ने तथा आभार प्रदर्शन अनिल गोयल ने किया। कार्यक्रम में गौशाला समिति के अध्यक्ष भोला प्रसाद अग्रवाल, सचिव बाल कृष्ण ओझा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष भगवती राजवाड़े, उपाध्यक्ष सुभाष गोयल, दीप्ती सवाई, आनंद कुंवर, अमृत लाल अग्रवाल, अशोक अग्रवाल, राजेश तायल, पवन अग्रवाल, श्रवण जैन, मुकेश जिंदल, अवधेश गोयल, पवन गर्ग, पुनीत गुप्ता, कुसुमलता, सुरेंद्र राजवाडे, शिव शंकर कुशवाहा सहित समिति पदाधिकारी, सदस्यगण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।