अम्बिकापुर / कलेक्टर श्री संजीव कुमार झा के द्वारा केन्द्र जेल अम्बिकापुर में परिरूद्ध दण्डित बंदी की दाण्डिक जांच हेतु अनुविभागीय दण्डाधिकारी अम्बिकापुर श्री अजय त्रिपाठी को नियुक्त किया गया है। दण्डाधिकारी द्वारा जांच पूर्ण कर सुसंगत अभिलेखों सहित प्रतिवेदन प्रस्तुत करने हेतु 1 माह का समय-सीमा निर्धारित की गई है। जिला जशपुर थाना पण्डरसिली निवासी 72 वर्षीय केन्द्रीय जेल अम्बिकापुर में परिरूद्ध दण्डित बंदी विक्टोर कुजूर, आत्मज मंगु कुजूर आजीवन कारावास का सजा भुगत रहा था। उक्त बंदी को केन्द्रीय जेल अम्बिकापुर के जेल चिकित्सक के परामर्श पर 1 अक्टूबर 2020 को उपचार हेतु मेडिकल कॉलेज अस्पताल अम्बिकापुर भेजा गया था जहां उपचार के दौरान 3 अक्टूबर को सायं 6ः15 बजे उक्त बंदी की मृत्यु हो गई। इसी प्रकार बैकुण्ठपुर जिले के थाना तेलाईधार निवासी 35 वर्षीय केन्द्रीय जेल अम्बिकापुर में परिरूद्ध दण्डित बंदी मिथिलेश, आत्मज रामभरोश आजीवन कारावास का सजा भुगत रहा था। उक्त बंदी को केन्द्रीय जेल अम्बिकापुर के जेल चिकित्सक के परामर्श पर 28 सितम्बर 2020 को उपचार हेतु मेडिकल कॉलेज अस्पताल अम्बिकापुर भेजा गया था जहां उपचार के दौरान 4 अक्टूबर को प्रातः 7ः15 बजे उक्त बंदी की मृत्यु हो गई। दण्डाधिकारी जांच में जेल में प्रवेश के समय बंदी के स्वास्थ्य की क्या स्थिति थी, बंदी कब बीमार हुआ था तथा उसे ईलाज हेतु जिला चिकित्सालय अम्बिकापुर कब भेजा गया, क्या बंदी अचानक बीमार हुआ और उसकी मृत्य हो गई या पूर्व से उसका ईलाज किया जा रहा था, बंदी का ईलाज कब-कब और किसके द्वारा किया गया तथा उसे कौन-कौन सी औषधियां दी गई, बंदी किस बीमारी से ग्रस्त था, क्या बंदी को समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई, क्या बंदी को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में कोई लापरवाही बरती गई, यदि ऐसा हो तो विलंब या लापरवाही के लिए दोषी अधिकारी एवं कर्मचारी कौन-कौन हैं। क्या बंदी को शारीरिक या मानसिक यातना दी गई यदि ऐसा है तो इसके लिए दोषी अधिकारी या कर्मचारी कौन-कौन हैं। इन सभी बिन्दुओ शामिल किया गया है।