samvaad
छत्तीसगढ़

8 करोड़ की लागत से कोरिया में बनेगा नया जिला चिकित्सालय…


भवन निर्माण हेतु तलवापारा में साढ़े 4 एकड़ भूमि आबंटित…

बैकुण्ठपुर/ कोरिया जिले में अब और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं लोगों को मिल सकेंगी। ज़िले के स्वास्थ्य सुविधाओं में बढ़ोत्तरी करते हुए नया जिला चिकित्सालय भवन बनाया जाएगा। इस दिशा में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि व जिला प्रशासन काफी दिनों से प्रयास रत थे। इसे अमलीजामा पहनाते हुए कलेक्टर एसएन राठौर द्वारा कोरिया जिले में बैकुंठपुर के ग्राम तलवापारा में जिला चिकित्सालय एवं अन्य चिकित्सा भवन निर्माण के लिये भूमि आबंटित कर दी गयी है।
जिला निर्माण के बाद से ही जनप्रतिनिधियों एवं आम जनता द्वारा नए जिला चिकित्सालय भवन की निरन्तर मांग की जा रही थी, जो अब शीघ्र ही पूरी होगी। नया जिला चिकित्सालय बन जाने से जिलेवासियों को और बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।
कलेक्टर श्री राठौर ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि जिला चिकित्सालय एवं अन्य भवन निर्माण हेतु लगभग साढ़े चार एकड़ भूमि तहसील बैकुंठपुर के ग्राम तलवापारा में आबंटित की गई है। नए चिकित्सालय भवन के लिए भूमि का चयन इस तरह किया गया है जिससे जिले के सभी विकासखंड मनेंद्रगढ़, भरतपुर, सोनहत एवं खडगवां-चिरमिरी के लोगों को भी सुविधा हो।
यह निश्चित ही जिले के सभी नागरिकों के लिए खुशी की बात है। जिला चिकित्सालय भवन निर्माण हेतु डीएमएफ की कार्य योजना में 38 करोड़ रुपए का प्रावधान रखा गया है। जिला चिकित्सालय भवन निर्माण हेतु सीजीएमएससी को ड्राइंग डिजाइन एवं प्राक्कलन तैयार करने कहा गया है। शीघ्र ही इसकी प्रशासकीय स्वीकृति जारी कर निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा। कलेक्टर श्री राठौर ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही हेतु निर्देशित किया है।
नवीन जिला चिकित्सालय भवन के निर्माण हेतु राशि का प्रावधान व जमीन आबंटित किये जाने पर संसदीय सचिव व बैकुण्ठपुर विधायक अम्बिका सिंहदेव तथा सविप्रा उपाध्यक्ष व भरतपुर सोनहत विधायक गुलाब सिंह कमरो ने जिलावासियों को बधाई देते हुए जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया है।

Leave a Reply