सूरजपुर। बुधवार को लॉकडाउन के पहले दिन शहर पूरी तरह लॉक रहा ,पर आसपास के ग्रामीण इलाकों में कोई खास असर नही रहा। बढ़ते कोरोना संक्रमण को देखते हुए उसके चेन को तोड़ने के लिए जिला प्रशासन ने समूचे जिले को कन्टेनमेंन जोन घोषित किया है। इस बीच 1 अक्टूबर तक जिले में लगभग सभी गतिविधियों पर रोक लगाई गई है। यहां तक कि किराना, सब्जी की दुकानें तो बंद की ही गई है। आम आदमी के पेट्रोल डीजल मिलने पर भी पाबन्दी है । पूरी तरीके से जिले को लॉक किया गया है। पहले दिन शहर में इसका खासा असर दिखा । सड़को में सन्नाटा पसरा रहा लोग खुद से जागरूकता का परिचय देते हुए घरो में कैद रहे । पहले दिन तो यही नजारा रहा जिससे सड़के वीरान व सुन सपाट रही। चौक चौराहो पर पुलिस तैनात थी जो इक्का दुक्का आने जाने वालों से पूछताछ कर रही थी। इस बार कोरोना का कहर शहर के साथ साथ गांव से भी सामने आ रहा है। लिहाजा गांव में भी इसके चेन को तोड़ना जरूरी है। लेकिन जिला मुख्यालय से लगे गांवो से ही जो खबरे सामने आ रही है उसमें इस पाबन्दी का गांव में कोई खास असर नही है। गांव में जो दुकाने है वे खुली हुई थी,पुलिस पेट्रोलिंग भी शहरी सीमा तक ही सिमटी रही ।
0 जिले की सीमाएं सील
बताया गया है कि जिले की सीमाओं को भी पूरी तरह सील किया गया है। अजबनगर, कमलपुर,तारा,बिहारपुर की सीमाओं में नाकेबन्दी कर पुलिस का पहरा बैठाया गया है। अजबनगर व कमलपुर की सीमा का अपर कलेक्टर ने निरीक्षण कर हालात का जायजा लिया और कुछ लोगो से पूछताछ भी की।
0 आधा शटर पर भी नजर जरूरी
दूसरी ओर शहर के कुछ दुकानदार ऐसे भी देखे गए जो पाबन्दी के बावजूद आधा शटर से दुकानदारी करते रहे। बताया जाता है कि शहर के आउटर व अंदरूनी इलाको में ऐसी स्थिति रही । जहाँ आधा शटर से दुकानदारी की जाती रही इसमे खास कर गुटका, पान ,किराना व नशे के कारोबारियों की दुकानों पर लोग आते जाते रहे। इस हालत पर भी नजर रखना जरुरी है। तभी जिस मंशा के तहत यह कदम उठाए गए है वह कामयाब हो पायेगा।
कलेक्टर व एसपी ने लिया लॉकडाउन का जायजा
आज कलेक्टर रणबीर शर्मा व एसपी राजेश कुकरेजा ने विश्रामपुर, भटगांव, प्रतापपुर क्षेत्र की लाॅकडाउन की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए जिले के सीमावर्ती क्षेत्र प्रतापपुर के ग्राम पंचायत धोनधा बार्डर पहुंचे जहां डयूटीरत अधिकारियों-कर्मचारियों से सीमा क्षेत्र एवं आने जाने वालो के बारे में जानकारी ली तथा अपने दायित्वों का सजगता पूर्वक निर्वहन के लिए दिशा निर्देश दिये। कलेक्टर रणबीर शर्मा ने स्वयं का ध्यान रखते हुए टीम भावना से कार्य करने उत्साहवर्धन किया एवं लाॅकडाउन का आम नागरिकों को कड़ाई से पालन कराने को कहा। इस दौरान पुलिस अधीक्षक राजेश कुकरेजा धोनधा बार्डर में उचित लाईट व्यवस्था करने कहा जिससें आने जाने वालो की पहचान आसानी से की जा सके ।इस दौरान एसडीएम सीएस पैकरा, तहसीलदार श्री जाटवार, एसडीओपी राकेश पाटनवार, सीईओ मो.निजाम सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
