samvaad
छत्तीसगढ़

खाद के नाम पर सहकारी समिति ने किसानों को लूटा, अधिक दाम पर यूरिया-इफको की बिक्री


अंबिकापुर। खाद की किल्लत से किसान जुझ रहे हैं। समय पर किसानों को खाद नहीं मिल रहा है। किसानों को अब यूरिया व इपको एनपीके के नाम पर सहकारी समिति में ही लूटा जा रहा है। लखनपुर विकासखंड अंतर्गत चांदो सहकारी समिति में किसानों को यूरिया व इफको एनपीके निर्धारित दर से अधिक दाम पर बेचा गया है। इससे आक्रोशित किसान सोमवार को कांग्रेस नेता के नेतृत्व में कलक्टोरेट पहुंचे और मामले की जांच करते हुए समिति प्रबंधक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने व अधिक ली गई रकम वापस दिलाने की मांग की है।
अविभाजित सरगुजा में यूरिया खाद के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। दुकान से लेकर समितियों तक किसानों की भीड़ उमड़ी, वे यूरिया खाद के लिए हर दिन मशक्कत करते नजर आए। स्टॉक आने के बाद अब सहकारी समिति में किसानों को यूरिया व इफको एनपीके के नाम पर लूटा जा रहा है। इसी मामले को लेकर चांदो सहकारी समिति के किसान कांग्रेस प्रदेश सचिव शैलेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में कलक्टोरेट पहुंचे थे। यहां ज्ञापन सौंपने के बाद कांग्रेस नेता ने बताया कि यूरिया का दाम २६७ रुपए निर्धारित है, जबकि इसे किसानों को चांदो समिति द्वारा २९७ रुपए में दिया गया है। वहीं इफको एनपीके का दाम ११२५ रुपए है, जिसे १३५० रुपए में किसानों को बेचा गया है। सीधे-सीधे २८० रुपए प्रति बोरी अवैध वसूली की गई है। उन्होंने बताया कि इससे लगभग १५०० किसान प्रभावित हुए हंै। किसानों द्वारा इस पूरे मामले की जांच कर समिति प्रबंधक के खिलाफ एफआईआर करने व अधिक ली गई रकम वापस करने की मांग की गई है। चांदो समिति प्रबंधक पर पूर्व में फर्जीवाड़ा करने के आरोप लग चुके हैं। शिकायत करने वालों में प्रदेश कांग्रेस सचिव शैलेंद्र प्रताप सिंह, शिवराज सिंह, विकास केशरी, शकुंतला मझवार, नवनीत सिंह, शिवपाल प्रजापति, अक्षय सिंह, शिवकुमारी, आशीष, अमित कश्यप, अंबर त्रिपाठी, नितिन मिश्रा, सविता, रामपति, खेलकुंवर, सुमित्रा सहित बड़ी सं या में अन्य किसान शामिल रहे।

Leave a Reply