सूरजपुर। जनपद अध्यक्ष की पहल पर बुधवार को ग्राम बेलटिकरी में पशु चिकित्सा विभाग के द्वारा शिविर लगाकर मवेशियों का उपचार किया गया। जनपद पंचायत के अध्यक्ष जगलाल सिंह देहाती ने मवेशियों में फैल रही बीमारी पर चिंता व्यक्त करते हुए पशु चिकित्सा अधिकारी को पत्र लिखकर बीमारी से ग्रसित मवेशियों के समुचित उपचार व बीमारी रोकने के उपायों से मवेशी मालिको को अवगत कराने की बात कही थी। जिस पर बुधवार को खण्ड पशु चिकित्सा अधिकारी विकाश गुप्ता, सहायक पशु चिकित्सा अधिकारी महेश तिर्की आदि ग्राम बेलटिकरी पहुँचे तथा जनपद अध्यक्ष के निवास के समीप शिविर लगाकर गांव में बीमारी से ग्रसित करीब 50 मवेशियों का उपचार कर दवा आदि उपलब्ध कराया है। साथ ही 50 से अधिक दुधारू मवेशियों को भी विभाग के द्वारा प्रोटीन की दवाएं पिलाई गई है। वहीं पशुपालको को मवेशियों को बीमारी से बचाने के उपायों से भी अवगत कराया गया। इस दौरान जनपद अध्यक्ष सहित सरपंच लालचंद सिंह, रामबिलास सिंह, देवल्ला राम, लालचंद राजवाड़े, धनेश्वर सिंह आदि भी मौजूद थे।
