सूरजपुर। नपा कर्मचारी हेमन्त साहू मामले की जांच के लिए एसपी राजेश कुकरेजा ने आज 10 सदस्यीय एसआईटी का गठन कर दिया है। जिसने आज से जांच शुरू भी कर दी है। अब उम्मीद की जा रही है कि छत्रमनी के बेटे को शीघ्र ही इंसाफ मिल सकेगा। ज्ञात हो कि सोमवार को मृतक हेमन्त की माँ उसकी पत्नी व छोटा भाई इंसाफ की मांग को लेकर कोतवाली के सामने धरने पर बैठ गए थे। दिन भर की गहमागहमी के बाद देर शाम एसपी राजेश कुकरेजा धरना स्थल पर पहुँचे थे, उन्होंने महिला को आश्वस्त किया था कि वे इसकी जांच केलिए एसआईटी का गठन कर रहे है। इस आश्वासन के बाद महिला ने धरना खत्म कर दिया था। एसपी राजेश कुकरेजा ने मामले को बेहद संजीदगी से लिया और अभी 24 घण्टे भी नही बीते कि उन्होंने एसआईटी गठित कर दिया। एसपी राजेश कुकरेजा ने बताया कि वे खुद इस मामले की मॉनिटरिंग कर रहे है ,आज वे खुद मौका मुआयना के लिए फोरेंसिक एक्पर्ट के साथ गए थे । अभी भी इस मसले को लेकर बैठक की जा रही है और देर रात फिर एक बार घटनास्थल का जायजा लेंगे । श्री कुकरेजा ने बताया कि मामले के हर पहलू की जांच बारीकी से की जा रही है ताकि कोई किन्तु ,परन्तु ,अगर ,मगर की गुंजाइश न रहे । उन्होंने उम्मीद जाहिर की शीघ्र ही मामले का पर्दाफाश हो जाएगा।
एसआईटी में ये है शामिल
एसपी के मुताबिक गठित एसआईटी में एएसपी हरीश राठौर,दो डीएसपी, एसडीओपी प्रेमनगर प्रकाश सोनी,ओड़गी मंजुलता बाज, सीएसपी श्री भारतेंदू,टीआई धर्मानन्द शुक्ला ,एएसआई रश्मि सिंह,राजेश,सुनील सिंह, विष्णुदेव पैकरा,कैलाश,युवराज यादव व लेडीज कांस्टेबल बाल कुमारी को शामिल किया गया है।
