वाटिकाओं में अधिक से अधिक औषधीय पौधे लगाने के निर्देश
अम्बिकापुर – कलेक्टर संजीव कुमार झा ने आज अधिकारियों के साथ गंगापुर स्थित जिला आयुर्वेद अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल परिसर में तैयार किये जा रहे नवग्रह वाटिका, नक्षत्र वाटिका, राशि वाटिका, औषधिय वन, अशोक वन, पंचवटी वाटिका का भी निरीक्षण किया। कलेक्टर ने कहा कि दोनों वाटिका में अलग-अलग प्रकार के औषधीय पौधे लगाये। पौधे की देख भाल भी बेहतर तरीके से करें ताकि पौधे शीघ्र वृद्धि कर सकें। उन्होंने वनमंडलाधिकारी को अधिक से अधिक औषधीय पौधे उपलब्ध कराने कहा। उन्होंने वाटिका में बनाए जा रहे पाथ-वे के किनारे क्रोटेन के पौधे लगाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने पूरे अस्पताल परिसर को हरा भरा करने के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने के निर्देश दिए। साथ ही जहां जहां गड्ढे है उन्हें नगर निगम के द्वारा समतलीकरण कराने कहा। कलेक्टर ने अस्पताल में उपलब्ध औषधि सहित सुविधाओं के संबंध में जिला आयुर्वेद अधिकारी से जानकारी ली।इसके साथ ही अस्पताल के प्रथम एवं द्वितीय तल में सीजीएमएससी द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्य को भी शीघ्रता से पूरा कराने के निर्देश दिए।
जिला आयुर्वेद अधिकारी आर.के. द्विवेदी ने बताया कि जिला आयुर्वेद चिकित्सालय मे पंचकर्म सहित अन्य सुविधाएं तो उपलब्ध हैं ही छत्तीसगढ़ का यह पहला आयुर्वेद अस्पताल है जिसमें नवग्रह वाटिका, नक्षत्र वाटिका, राशि वाटिका, औषधिय वन, अशोक वन, पंचवटी वाटिका में पौधे लगाए जा रहे है। ज्ञातव्य है कि कलेक्टर श्री झा ने जिला आयुर्वेद अस्पताल का कुछ माह पहले निरीक्षण कर नक्षत्र वाटिका एवं नवग्रह वाटिका विकसित करने के निर्देश दिए थे।
इस दौरान जिला पंचायत के सीईओ श्री कुलदीप शर्मा, डीएफओ श्री पंकज कमल, जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ आर के द्विवेदी सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
