samvaad
छत्तीसगढ़

विशेष पिछड़ी जनजाति तथा विभिन्न जनजाति समुदाय के जनप्रतिनिधियों से कलेक्टर ने की आत्मीय मुलाकात समुदाय से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर हुई सार्थक चर्चा, प्राथमिकता के साथ इनकी समस्याओं का किया जायेगा निराकरणसमाज को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए प्रशासन और समुदाय साथ मिलकर करेंगे काम-कलेक्टर श्री कुमार

बलरामपुर / कलेक्टर श्री कुंदन कुमार ने अपने कार्यालय में विशेष पिछड़ी तथा जनजातीय समुदाय के समाज प्रमुखों व प्रतिनिधियों से आत्मीय मुलाकात की। विशेष पिछड़ी जनजाति समुदाय को मुख्यधारा से जोड़ना, उनके दस्तावेजों के तथ्यात्मक विसंगतियों को दूर करने की पहल, स्वास्थ, शिक्षा, जागरूकता तथा रोजगार के समान अवसर प्रदान करना ही मुलाकात का प्रमुख उद्देश्य था। पंडो, पहाड़ी कोरवा, नगेसिया (किसान) समुदाय के लोगों से कलेक्टर की विभिन्न विषयों पर सार्थक चर्चा हुई। कलेक्टर ने प्रतिनिधियों से कहा कि समाज नशा मुक्त, स्वस्थ, शिक्षित, सुरक्षित हो इसके लिए प्रशासन भी विशेष रूप से पहल कर रहा है, जिसमें आप सभी का सहयोग अपेक्षित है। विशेष शिविर आयोजित कर प्राथमिकता के साथ उनके प्रकरणों का निराकरण किया जा रहा है। उनके स्वास्थ्यगत जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विशेष पिछड़ी जनजाति पण्डो बहुल क्षेत्रों में 2 कैंप अस्पताल भी खोले गए हैं, जहां 24 घण्टे विशेषज्ञ चिकित्सक उनका इलाज कर रहे हैं। कलेक्टर श्री कुमार ने कहा कि समाज प्रमुख अपने क्षेत्रों में लोगों को कोविड-19 वैक्सीनेशन के लिए जागरूक करें तथा इलाज के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्रों में ही जाएं। समाज के लोग झाड़-फूंक से इलाज न कराएं तथा अंधविश्वास से दूर रहे। उन्होंने कहा कि प्रशासन और समाज साथ मिलकर विशेष पिछड़ी जनजाति व अन्य जनजाति समाज के विकास व उत्थान के लिए समर्पित होकर कार्य करेगा। समुदाय का विकास तथा मुख्यधारा से जोड़ना ही हमारी सर्वाेच्च प्राथमिकता है तथा उस दिशा में हम कार्य करना प्रारंभ कर चुके हैं। आप सभी प्रतिनिधियों का समाज में विशेष स्थान है तथा लोग आपकी बाते सुनते तथा मानते भी हैं, इसलिए समाज को जागरूक करने के सभी प्रयासों को गति दी जाए और प्रशासन का सहयोग कर इस दिशा में आगे बढ़े। कलेक्टर श्री कुमार ने कहा कि वर्तमान समय में आधार कार्ड एक महत्वपूर्ण दस्तावेज है इसलिए विशेष पिछड़ी जनजातियों के आधार कार्ड निर्माण हेतु विशेष शिविर आयोजित किये जायेंगे, इसमें सभी प्रतिनिधियों का सहयोग आवश्यक होगा ताकि अधिक से अधिक लोगों का आधार कार्ड बनाया जा सके। प्रतिनिधियों ने भी समाज के विकास व उत्थान के लिए अपने सुझाव कलेक्टर के समक्ष रखें तथा कलेक्टर ने इन सुझावों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने की बात कही।

Leave a Reply