0 रासेयो ने निकाली सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ जनजागरूकता रैली
सूरजपुर। आजादी का अमृत महोत्सव के अन्तर्गत 1 से 31 अक्टूबर तक चलाए जा रहे स्वच्छ भारत अभियान के तहत शा.उ.मा. विद्यालय कन्दरई की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ जनजागरूकता रैली, नारा दीवाल लेखन, नुक्कड़ नाटक, चौपाल तथा व्यक्तिगत सम्पर्क आदि माध्यम से व्यापक जन अभियान चलाकर लोगों को प्लास्टिक के बढ़ते दुष्प्रभाव के प्रति जागरूक किया जा रहा है। रासेयो इकाई के स्वयंसेवकों द्वारा क्षेत्र के ग्राम कन्दरई जमदेई, पेन्डरखी, कोरेया तथा गोद ग्राम रतनपुर सहित क्षेत्र के साप्ताहिक बाजारों, सार्वजनिक स्थलों चौक-चौराहों, दुकानों ,घरों आदि विभिन्न जगहों से 348 किलोग्राम सिंगल यूज प्लास्टिक का संग्रहण किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी राजीव कुमार सिंह ने कहा कि प्लास्टिक पर्यावरण, भूमि और धरती पर रहने वाले समस्त जीव-जन्तुओं के लिए हानिकारक है। उन्होंने सिंगल यूज प्लास्टिक के बारे में बताते हुए कहा कि यह वह प्लास्टिक है जिसे हम एक बार उपयोग करके फेंक देते है। इसका इस्तेमाल ज्यादातर खाद्य पदार्थों की पैकिंग के लिए किया जाता है। सिंगल यूज प्लास्टिक में सबसे अधिक उपयोग प्लास्टिक की थैलियों का होता है और यह सबसे ज्यादा खतरनाक है। सभी से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि हम जब भी बाजार जाये कपड़े या जूट के थैले का उपयोग करें ।इस प्रकार से हम प्लास्टिक से पर्यावरण की रक्षा करते हुए अपने गांव, नगर व सम्पूर्ण देश को प्लास्टिक मुक्त करने में सहयोग कर सकते है।इस अभियान को सफल बनाने में रासेयो स्वयंसेवक प्रमुख मानिकचन्द, संतोष,संजय, कुलवंत, प्रीति, चांदनी, देवन्ती, सरस्वती, पुष्पा, रिंकी, शंकर, नवीन, सोनू, सावित्री, परमेश्वरी, सरेमिया, सुरमेश्वरी, पूनम, सुभाष, मानमती, मनीष, किशन, कविता, खुलेश्वर, रामेश्वरी, रीतिमा, तुलसी राम, चिन्तामणि, सीमा, अमरता दास, संजना, कोटेश्वर, प्रीतम नन्दकेश्वर, विद्यावती, प्रमोद सहित अन्य स्वयंसेवक सक्रिय रहे।
Leave a reply
