0 निरीक्षण करने पहुंचे जपं उपाध्यक्ष ने ठेकाकर्मियों को लगाई फटकार
0 कहा- करें गुणवत्तापूर्ण कार्य
सूरजपुर। जल जीवन मिशन अंतर्गत स्वीकृत नल जल प्रदाय योजना के काम में बड़ा गड़बड़झाला सामने आ रहा है।रामानुजनगर के जनपद उपाध्यक्ष दीपक गुप्ता ने कार्य स्थल का निरीक्षण के दौरान घटिया निर्माण कार्य व स्तरहीन पाइप बिछाने को लेकर ठेकेदार के कर्मचारियों को जमकर फटकार लगाई और तत्काल सुधार कर मानक अनुरूप कार्य करने को निर्देशित किया। मामला जिले के विकास खंड रामानुजनगर के ग्राम पंचायत कमलपुर व भरूहामुड़ा का है। जल जीवन मिशन से नल जल प्रदाय योजना के लिए ग्राम पंचायत भरूहामुड़ा में 101.39 लाख व कमलपुर में 98 लाख की स्वीकृति मिली है। जहां ठेकेदार द्वारा पाइप लाइन बिछाकर घर घर नल कनेक्शन देने का काम किया जा रहा है। ग्रामीणों की शिकायत पर जनपद उपाध्यक्ष दीपक गुप्ता ने मौकै पर पहुंच कर कामो का निरीक्षण किया तो सभी काम स्तरहीन पाए गए। पाइपलाइन बिछाने में उपयोग किया जा रहा पाईप निर्धारित मानक 110 एम एम के जगह पर 63 एम एम के पाईप का इस्तेमाल किया जा रहा हैं। वहीं पाईप लाइन बिछाने के लिए 110 सेटीमीटर गढ्ढे के जगह पर 70-80 सेंटीमीटर गढ्ढे खोदकर पाईप बिछा दिया जा रहा है। जिससे कार्य की गुणवत्ता पर सवालिया निशान उठ रहे है। ग्रामीणों का कहना है कि ठेकेदार द्वारा जल्दबाजी में चोरी छुपे स्तर हीन काम किया जा रहा है। विभाग के अधिकारी कभी काम देखने नही आते इसलिए ठेकेदार द्वारा मनमानी किया जा रहा है। पिछले दिनो ठेकेदार द्वारा कमलपुर मे पाईप लाइन बिछाने के लिए लापरवाही पूर्वक गड्ढा खोदकर छोड़ दिया गया जिससे एक ग्रामीण का घर बारिश के पानी धरासाई हो गया।
0 भरूहामुड़ा मे ओवरहेड टैंक का स्तरहीन निर्माण
जनपद उपाध्यक्ष श्री गुप्ता को निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने बताया कि भरूहामुड़ा का ओवरहेड टैंक अत्यंत घटिया बनाया गया | निर्माण के समय से ही इसके निर्माण मे उपयोग किया गया गिट्टी निकलने लगा है जो आने वाले दिनों में समय पूर्व ही जर्जर हो जाएगा।
