जरही :भारतीय जनता पार्टी मण्डल जरही के आम नागरिकों की ओर से जरही नगर पंचायत अंतर्गत विभिन्न समस्याओं के तत्काल निदान हेतु मण्डल अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता की अगुवाई में भाजपा कार्यकर्ताओं ने सूरजपुर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। इस ज्ञापन में मुख्य तौर पर जिन मुद्दों की बात की गई है उनमें, नगर पंचायत जरही में हजारों हिन्दुओं के आस्था से जुड़ा शिव मंदिर जो रिहायशी क्षेत्र में स्थित है, उक्त मन्दिर के समीप खुले नवीन शराब दुकान जो नियमों के विरूद्ध है तथा शराब दुकान के कारण शिव मंदिर के आस-पास रहने वाले सैकड़ों परिवार का वहाँ रहना मुश्किल हो रहा है, जिसे तत्काल वहाँ से अन्य ऐसी जगह पर स्थानांतरित करने की मांग की गई जहाँ मन्दिर, स्कूल या रिहायसी बस्ती न हो। साथ ही नगर पंचायत जरही स्थित शिव मंदिर के मुख्य गेट के पास पानी टंकी बनाने हेतु प्रस्ताव प्रस्तावित हुई है। यदि शिव मंदिर के मुख्य गेट के पास पानी टंकी बनती है तो नगर वासियों एवं श्रद्धालुओं को अत्यधिक परेशानी होगी एवं शिव मन्दिर क्षेत्र की सुन्दरता भी प्रभावित होगी, इस कारण प्रस्तावित पानी टंकी अन्य उचित स्थान पर बनाए जानें और हाई स्कूल जरही के परिसर के अन्दर कॉजी हाउस संचालित की जा रही है, जबकि हाई स्कूल जरही में हजारो छात्र अध्ययन के लिए जाते हैं, वहाँ कॉजी हाउस के कारण शिक्षा की गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका है तथा नाबालिग छात्रों को मवेशियों से जान-माल का खतरा भी रहेगा, इस कारण मण्डल द्वारा उक्त कॉजी हाउस को तत्काल अन्य व उचित स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की जा रही है।
इसके अतिरिक्त नगर पंचायत जरही के ऊर्जानगर में सांस्कृतिक भवन स्थित है जहाँ नगर पंचायत जरही में रहने वाले हजारो परिवार विभिन्न सामाजिक व सांस्कृतिक कार्यक्रम हेतु उपयोग करते हैं, उक्त सांस्कृतिक भवन में उप तहसील कार्यालय संचालित किया जा रहा है, जिस कारण आम जनता मे दुःख एवं आक्रोश व्याप्त है। इस कारण उप तहसील कार्यालय को सांस्कृतिक भवन जरही से तत्काल अन्यत्र उचित भवन में स्थानांतरित करने की मांग मण्डल द्वारा की जा रही है।
मंडल द्वारा ज्ञापन में कहा गया है की जनहित की समस्याओं का निदान दस दिनों के भीतर नहीं होता है तो विवश होकर नगर पंचायत जरही के हजारो व्यक्ति धरना-प्रदर्शन, चक्का जाम करने हेतु विवश हो जाएंगे, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।