samvaad
छत्तीसगढ़

कलेक्टर ने किया टपरकेला गोठान का निरीक्षण उपयुक्त स्थल पर डबरी निर्माण तथा गोठान की साफ-सफाई के निर्देश

अम्बिकापुर /कलेक्टर श्री संजीव कुमार झा ने सोमवार को अम्बिकापुर जनपद अन्तर्गत ग्राम पंचायत टपरकेला के गोठान का निरीक्षण किया और अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। उन्होने गोठान में बनाए गए डबरी के स्थल चयन ठीक से नहीं करने तथा साफ-सफाई नहीं रहने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए जनपद सीईओ तथा मनरेगा के पीओ को उपयुक्त स्थल पर डबरी निर्माण कराने तथा गोठान की बेहतर साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही नाद का निर्माण भी उपयुक्त तरीके से कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने गोठान के सीपीटी में बारिश के पानी के समुचित निकासी हेतु प्रवेश द्वार के पास ह्यूम पाईप डालने तथा डबरी में बारिश की पानी संग्रहित हो इसके लिए इनलेट तथा आउटलेट को ध्यान में रखकर पुनः डबरी निर्माण करने तथा डबरी के निचे काली मिट्टी का लेप एवं पाॅलिथिन डलवाने के निर्देश दिए तकि डबरी से पानी सीपेज न हो। कलेक्टर ने गोबर खरीदी एवं वर्मी कम्पोस्ट निर्माण की जानकारी लेते हुए वर्मीटांका में गोबर घोल का छिड़काव करने तथा केचुंओं को चीटियों से बचाने के लिए टांका के नीचे निर्मीत नाली में पानी भरने के निर्देश दिए। उन्होने गोठान में करंज एवं आर्केशिया के बड़े-बड़े पौधे बड़े पैमाने पर लगाने कहा।
इसके पश्चात् कलेक्टर ने ग्राम पंचायत कुनियाकला में निर्माणाधीन सामुदायिक तालाब का निरीक्षण किया। उन्होंने तालाब के दिवारों पर पत्थर से पीचिंग कराने तथा 1 मीटर गहराई और करने के निर्देश दिए। तालाब निर्माण का कार्य शीघ्र पुरा करने हेतु मजदूरों की संख्या बढ़ाने के निर्देश भी दिए। बताया गया कि 50 बाई 50 के सामुदायिक तालाब का निर्माण 8 लाख 8 हजार रूपये की लागत से किया जा रहा है। इस दौरान जिला पंचायत के सीईओ श्री विनय कुमार लंगेह, जनपद सीईओ श्री एसएन तिवारी सहित मनरेगा के पीओ, तकनीकी सहायक एवं अन्य कर्मचारी मौजूद थे।

Leave a Reply