अम्बिकापुर कलेक्टर श्री संजीव कुमार झा ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित समय सीमा की बैठक में विभागीय योजनाओ तथा अन्य शासकीय कार्यो की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि शासन के निर्देशानुसार आगामी 15 मार्च से तीन चरणों मे राजस्व पखवाड़ा का आयोजन तहसीलों में किया जाएगा। पहला पखवाड़ा 15 से 31 मार्च तक, दूसरा 12 अप्रैल से 27 अप्रैल तथा तीसरा पखवाड़ा 17 मई से 31 मई 2021 तक चलेगा। पखवाड़ा में फौती, नामांतरण, सीमांकन, बटांकन, खाता दुरुस्तीकरण, बंदोबस्त त्रुटि सुधार, ऑनलाईन रिकॉर्ड दुरुस्तीकरण, नजूल पट्टो का नवीनीकरण आदि प्रकरणों का अभियान चलाकर निराकरण किया जाएगा। क्लेक्टर ने पखवाड़ा आयोजन के संबंध में व्यापक प्रचार. प्रसार हेतु ग्राम पंचायतों में मुनादी तथा दीवार लेखन कराने के निर्देश दिये।इस दौरान उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग के माध्यम से संचालित सुपोषण अभियान के तहत आंगनबाड़ी के कुपोषित बच्चो को अंडा खिलाने में मॉनिटरिंग ठीक से नही होने पर महिला एवं बाल विकास विभाग के सहायक जिला कार्यक्रम अधिकारी को कारण बताओ सूचना जारी करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि सुपोषण अभियान राज्य शासन की प्राथमिकता वाली योजना है इसमें किसी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नही होगी। उन्होंने सभी एसडीएम को अनुभाग स्तरीय बैठक में सुपोषण अभियान की समीक्षा करने तथा आंगनबाड़ी केंद्रों का औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने गोधन न्याय योजना की समीक्षा करते हुए कहा कि किसी भी गोठान में गोबर खरीदी बंद न करें। जिन गोठानो में गोबर खरीदी नही हो रही है उसे तत्काल शुरू करें तथा गोबर खरीदी की जानकारी गोधन एप्प में एंट्री करें। उन्होंने समय पर तथा गुणवत्तापूर्ण वर्मी कम्पोस्ट निर्माण के लिए सभी ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों एवं गोठान समिति प्रबंधकों को पुनः प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए । उन्होंने जल जीवन मिशन अंतर्गत चिन्हांकित आंगनबाड़ी केंद्रों, स्कूलों, छात्रावासो तथा उपस्वास्थ्य केंद्रों में लोकस्वाथ्य यांत्रिकी विभाग तथा 15 वें वित्त की राशि से पंचयातो के माध्यम रनिंग वाटर 31 मार्च तक शुरू कराने के निर्देश दिए।