अम्बिकापुर उदयपुर के अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्री अनिकेत साहू ने बताया है कि उदयपुर विकासखण्ड अंतर्गत ग्राम देवटिकरा (देवगढ़) में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी महाशिवरात्रि पर्व पर मेले का आयोजन किया जाएगा। तीन दिवसीय मेले का आयोजन 11 से 13 मार्च तक किया जाएगा। मेला आयोजन के संबंध में 3 मार्च को अनुविभगीय अधिकारी राजस्व कार्यालय में बैठक आयोजन किया गया। बैठक में कोविड़-19 के बचाव हेतु शासन के दिशा निर्देश के तहत मेले का आयोजन किए जाने का निर्णय लिया गया। मन्दिर परिसर में आवश्यक बैरीकैटिंग व्यवस्था लोक निर्माण विभाग तथा बांस बल्ली वन विभाग को उपलब्ध कराने हेतु निर्देशित किया गया। मेला स्थल पर विद्युत एवं पेयजल की व्यवस्था की जिम्मेदारी संबंधित विभाग के अधिकारियों को दी गई। इसके अतिरिक्त अन्य विभाग के अधिकारियों को भी देवगढ़ मेला के सफल आयोजन हेतु आवश्यक व्यवस्था की जिम्मेदारी दी गई। बैठक में विधायक प्रतिनिधि श्री सिद्धार्थ सिंहदेव, जनपद उपाध्यक्ष श्री नीरज मिश्रा, जिला पंचायत सदस्य श्री राजनाथ सिंह सहित ग्राम पंचायत देवटिकरा, जामडीह तथा कलचा के सरपंच तथा मेला के सदस्य उपस्थित थे। Leave a reply