samvaad
छत्तीसगढ़

कलेक्टर ने किया सिरकोतंगा एवं लटोरी गोठान का निरीक्षण आरएईओ निलंबित तथा पंचायत सचिव को नोटिस

अम्बिकापुर 18 फरवरी 2021/ कलेक्टर श्री संजीव कुमार झा ने आज लखनपुर जनपद पंचायत के ग्राम पंचायत सिरकोतंगा तथा लटोरी के गोठान का निरीक्षण किया। उन्होंने गोधन न्याय योजना के तहत गोबर खरीदी तथा वर्मी कम्पोस्ट निर्माण का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री झा ने वर्मी कम्पोस्ट निर्माण में लापरवाही बरतने पर सिरकोतंगा के सचिव तथा आरएईओ को कारण बताओ नोटिस तथा लटोरी के आरएईओ को निलंबित करने के निर्देश दिए।
 कलेक्टर ने गोठानों में वर्मी टाँका में भरे गए गोबर तथा उसमें केंचुए की मात्रा का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि वर्मी टाँका में नंबरिंग कर टाँका में भरे गए गोबर तथा केंचुआ डालने की तिथि अंकित करें ताकि वर्मी खाद बनाने की सतत मॉनिटरिंग हो सके। उन्होंने वर्मी खाद निर्माण उपरांत बिक्री से प्राप्त राशि से पुनः गोबर खरीदने का चक्र सतत रूप में जारी रखते हुए गोधन न्याय योजना के चक्र को निरंतर जारी रखने के निर्देश दिए। इसके साथ ही वर्मी कम्पोसट तैयार हो जाने के बाद पैकिंग करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि गोठान समिति जहाँ से उपयुक्त समझें वहां से केंचुआ खरीदी करने के लिए स्वतंत्र हैं। उन्होनें अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्व-सहायता समूहों को सक्रिय कर गोठान में बाड़ी विकास के कार्यों को प्राथमिकता से करें।
उल्लेखनीय है कि प्रदेश सरकार की सर्वाधिक महत्वाकांक्षी सुराजी गांव योजना के तहत नरवा, गरूवा, घुरवा, बाड़ी के विस्तार के साथ-साथ सरगुजा जिला रोजगारोन्मुखी विकास की ओर आगे बढ़ रहा है। 
   निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के सीईओ श्री विनय कुमार लंगेह, गोधन न्याय योजना के जिला नोडल अधिकारी श्री यशपाल प्रेक्षा, जनपद पंचायत के सीईओ श्री अजय सिंह तथा अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

Leave a Reply