samvaad
छत्तीसगढ़

डीईओ एवं डीएमसी ने किया मोहल्ला क्लास का निरीक्षण प्राचार्यो और शिक्षको को दिए गए जरूरी निर्देश

अम्बिकापुर / कलेक्टर एवं जिला मिशन संचालक श्री संजीव कुमार झा एवं सीईओ जिला पंचायत के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी श्री आई.पी. गुप्ता, जिला मिशन समन्वयक सर्व शिक्षा अभियान डॉ. संजय सिंह एवं एपीसी रविशंकर तिवारी ने संयुक्त रूप से लुण्ड्रा विकासखण्ड़ में संचालित मोहल्ला कक्षाओं एवं बीईओ तथा बीआरसीसी कार्यालय का औचक निरीक्षण किया।
सर्वप्रथम प्रातः 11 बजे बीईओ कार्यालय लुण्ड्रा का निरीक्षण किया गया। सभी कर्मचारी उपस्थित मिले 02 कर्मचारी अवकाश पर थे। उन्होंने कार्यालयीन नस्तियों के संधारण, मध्यान्ह भोजन के तहत वितरित किये जाने वाले सूखा राशन, पेंशन प्रकरण एवं सभी संचालित योजनाओं की समीक्षा की। बीआरसी कार्यालय का निरीक्षण में भी सभी कर्मचारी उपस्थित मिले। बीआरसी कार्यालय में संचालित समावेशी रिर्सोस सेन्टर का अवलोकन किया गया। समावेशी रिर्सोस पर्सन को दिव्यांग बच्चों के अभिभावको से नियमित संपर्क में रहते हुए उन्हे फिजियोथैरेपी एवं अन्य सुविधाओं का लाभ प्रदाय करने का निर्देश दिया गया।
उ.मा.वि लुण्ड्रा के परिसर में संचालित मोहल्ला कक्षाओं का निरीक्षण के दौरान कक्षा 10वी एवं 12वी के गणित, विज्ञान एवं अंग्रेजी विषय की कक्षाएं संचालित पाई गई। बच्चों को इस कोरोना काल में पूरी सावधानी के साथ पूरे मनोयोग से अपने परीक्षाओं की तैयारी हेतु समझाईस दी गई। साथ ही शिक्षको को भी ऑफलाईन एवं ऑनलाईन दोनो कक्षाओं के संचालन के निर्देश दिये गये। प्राचार्य को विद्यालय परिसर के साफ-सफाई एवं अन्य गतिविधियों को व्यवस्थित करने के निर्देश दिये।
के.जी.व्ही.बी. लुण्ड्रा का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान छात्रावास की व्यवस्थायें एवं साज-सज्जा सुव्यवस्थित पायी गई। ऑनलाईन कक्षाओं का संचालन एवं नियमित असाईमेंट दिया जाना एवं उसकी जॉच किया जाना पाया गया। मोहल्ला कक्षा डडगॉंव में भी संचालित पाया गया। डडगॉंव के प्राचार्य को कक्षा में बच्चों को मास्क एवं सेनेटाईज उपलब्ध कराये जाने का निर्देश देते हुये बच्चों को नियमित मास्क के प्रयोग एवं सावधानी के बारे में जानकारी देते हुये परीक्षाओं की तैयारी किये जाने के समझाइश दिये गये।
शा0उ0मा0विद्यालय धौरपुर का भी आकस्मिक निरीक्षण किया गया निरीक्षण के दौरान विद्यालय परिसर एवं भवन का अवलोकन करते हुये व्यवस्थित रख-रखाव एवं बोर्ड की कक्षा 10वीं एवं 12वीं के बच्चों को प्राथमिकता से पूरी सावधानी के साथ उनके पाठ्यक्रम को पूर्ण कराते हुये परीक्षा की तैयारी काराये जाने हेतु ऑनलाईन एवं मोहल्ला कक्षाओं के संचालन के निर्देश दिये।
डीईओ एवं डीएमसी ने जिले के प्राचार्यों, प्रधान पाठक एवं शिक्षकों से इस विषम परिस्थियों में अपनी शैक्षिक जिम्मेदारी एवं छात्र हित को ध्यान में रखते हुये ऑनलाईन एवं ऑफलाईन कक्षाओं के नियमित संचालन की अपील की है। साथ ही उन्होंने इन कक्षाओं में संचालन के समय कोविड-19 के गाईडलाईन् एवं सुरक्षा मानकों के पालन के भी निर्देश दिये हैं। उन्होंने गॉंव के पढी लिखी महिलाओं, नवयुवकों से भी अपने मोहल्ले में बच्चों को सावधानीपूर्वक शिक्षा दान करने की अपील की। अभिभावकों से बच्चों को ऑनलाईन एवं मोहल्ला कक्षाओं में नियमित उपस्थित कराने एवं उन्हें घर-घर में भी पढने लिखने का उपयुक्त वातावरण उपलब्ध कराने की अपील की ।
उल्लेखनीय है कि कोरोना काल में लम्बे समय से विद्यालय बंद है इस संक्रमण अवधि में बच्चों को शिक्षा की मुख्य धारा से जोडे रखने के लिये ऑनलाईन कक्षाओं एवं ऑफलाईन कक्षा के रूप में मोहल्ला कक्षाओं का संचालन किया जा रहा है

Leave a Reply