अंबिकापुर. शहर से लगे ग्राम खलिबा से तीन बदमाशों ने एक युवक का अपहरण कर लिया था। अपहृत के परिजन ने सोमवार की शाम को गांधीनगर थाने में अपहरण का मामला दर्ज कराया था। मंगलवार की दोपहर उसकी लाश खलिबा जंगल में पाई गई।
शहर के गांधीनगर निवासी ४३ वर्षीय रामकृपाल साहू सोमवार को बाइक से धान कटवाने ग्राम खलिबा गया था। वहां तीन बदमाशों ने मारपीट कर उसे अपहरण कर लिया था। शाम को जब वह घर नहीं पहुंचा तो परिजन ने इसकी रिपोर्ट गांधीनगर थाने में दर्ज कराई। पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी। मंगलवार की दोपहर पुलिस को जानकारी मिली की खलिबा जंगल में एक व्यक्ति की लाश मिली है। सूचना पर गांधीनगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने इसकी पहचान रामकृपाल के रूप में की है। मृतक के शरीर व सिर पर चोट के निशान मिले हैं। पुलिस का मनना है कि बदमाशों ने इसे लाठी डंडे से मारा होगा। वहीं पुलिस ने शव को पीएम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भिजवा दिया है। पुलिस को हत्या का कारण अब तक पता नहीं चल सका है।
परिजन ने पुलिस पर लगाया आरोप
परिजन का कहना है कि खलिबा गांव के ही तीन नकाबपोश युवक मौके पर पहुंचे थे। और रामकृपाल को मारपीट कर अपने साथ ले गए थे। वहीं जिस व्यक्ति पर परिजन ने आरोप लगाया है वे कल से लापाता हैं। परिजन ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाया है। परिजन का कहना है कि गांधीनगर पुलिस को कल शाम को ही घटना की जानकारदी दे दी गई थी। २४ घंटे बीतने के बाद भी पुलिस अपहरणकर्ताओं व अपहृतों का पता नहीं लगा सकी। मंगलवार की दोपहर सीएसपी व गांधीनगर पुलिस ने मामले की जांच करने खलिबा पहुंची थी। जहां से मृतक का अपहरण किया गया था। वहीं पर मृतक की बाइक व जैकेट मिला था। इस दौरान पुलिस को उसकी हत्या की जानकारी नहीं हो गई थी।