samvaad
छत्तीसगढ़

इसरो का वैज्ञानिक रहस्यमय ढंग से गायब हुआ, रक्षाबंधन मनाने आ रहा था घर


बिश्रामपुर। रक्षाबंधन पर्व मनाने गृहग्राम लौट रहा इसरो का वैज्ञानिक रहस्यमय ढंग से गायब हो गया। स्वजन व पुलिस द्वारा वैज्ञानिक की तलाश सरगर्मी से शुरू कर दी गई है।
लटोरी चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत कसकेला औरापारा निवासी कालरी कर्मी रामदास पैकरा का 27 वर्षीय पुत्र दीपक पैकरा अहमदाबाद में इसरो में वर्ष 2018-19 से वैज्ञानिक सी के पद पर पदस्थ है। दीपक रक्षाबंधन पर्व मनाने पांच अगस्त को अहमदाबाद से गृहग्राम कसकेला आने के लिए निकला था। छह अगस्त को वैज्ञानिक के नागपुर पहुंचने की जानकारी स्वजनों को मिली थी, इसके बाद से उसका मोबाइल फोन स्विच ऑफ बताने लगा। फोन पे के ट्रांजेक्शन आइडी के माध्यम से स्वजन को वैज्ञानिक के साथी ने बताया कि दीपक का मोबाइल लोकेशन पुरी बता रहा है। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक रामकृष्ण साहू के निर्देश पर लटोरी पुलिस ने सक्रियता दिखाई और तत्काल दो सदस्यीय टीम को स्वजनों के साथ पुरी रवाना किया गया। बताया जा रहा है कि पुरी में वैज्ञानिक के होटल ब्लू मून में ठहरने की जानकारी मिली है। आठ अगस्त के बाद से उसका मोबाइल स्विच ऑफ होने की वजह से संपर्क नहीं हो पा रहा है। वैज्ञानिक का अंतिम मोबाइल लोकेशन पुरी स्टेशन बताया जा रहा है। वैज्ञानिक के स्वजनों का कहना है कि सात अगस्त को उसका मोबाइल चालू था लेकिन कॉल रिसीव नहीं किया गया है। इसके बाद से लगातार उसका मोबाइल स्विच ऑफ बता रहा है। इसरो के वैज्ञानिक के रहस्यमय ढंग से गायब होने पर हड़कंप मच गया है। स्वजन किसी अनहोनी की आशंका को लेकर चिंतित हैं।

Leave a Reply