अंबिकापुर। कमिश्नर डॉ.संजय अलंग शुक्रवार को सरगुजा कमिश्नर का प्रभार लेने के तत्काल बाद अल्प वर्षा प्रभावित क्षेत्र का जायजा लेने किसानों के खेत की ओर निकल लिए। उन्होंने दरिमा तहसील के ग्राम कंठी व खाला के खेतों में जाकर वर्षा व फसल की स्थिति का अवलोकन किया। किसानों से बातचीत कर वर्षा और फसल क्षति के बारे में पूछताछ की। इसके साथ ही राजस्व व कृषि विभाग के अधिकारियों को अल्प वर्षा व फसल क्षति का नजरी आंकलन कर शासन के नियमानुसार राहत पहुंचाने के निर्देश दिए।
कमिश्नर ने ग्राम कंठी के उप सरपंच राम नंदन राजवाड़े से फसल क्षति एवं वर्षा की स्थिति तथा फसलों के लिए पानी की सुविधा के बारे में पूछताछ की। श्री राजवाड़े ने बताया कि अल्प वर्षा के कारण फसल प्रभावित हुई है। कमिश्नर ने जल संसाधन विभाग के अधिकारियों को संभागीय एवं जिला स्तरीय जल उपयोगिता समिति की बैठक आयोजित कर आवश्यकता अनुसार नहरों से खेती के लिए पानी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस दौरान कलेक्टर कुंदन कुमार, एसडीएम प्रदीप साहू, उप संचालक कृषि एमआर भगत, जनपद सीईओ एसएन तिवारी सहित अन्य अधिकारी -कर्मचारी मौजूद थे।
बाक्स
सरगुजा संभागायुक्त का अतिरिक्त प्रभार डॉ.संजय अलंग ने संभाला
फोटो-स्थानांतरित कमिश्नर जीआर चुरेंद्र से प्रभार लेते
बिलासपुर संभाग के कमिश्नर डॉ.संजय अलंग ने शुक्रवार, पांच अगस्त को पूर्वान्ह सरगुजा कमिश्नर का अतिरिक्त प्रभार संभाल लिया। उन्होंने निवर्तमान कमिश्नर जीआर चुरेन्द्र से विधिवत संभागायुक्त का प्रभार लिया। राज्य शासन द्वारा डॉ.अलंग को बिलासपुर के साथ सरगुजा संभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वे 2004 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। इससे पूर्व भी वे वर्ष 2019-20 में सरगुजा संभाग के कमिश्नर के अतिरिक्त प्रभार का दायित्व संभाल चुके हैं। इस दौरान जिला पंचायत के सीईओ विनय कुमार लंगेह, उपायुक्त संतन देवी जांगड़े, उपायुक्त विकास महावीर राम, एसडीएम अंबिकापुर प्रदीप साहू, एसडीएम धौरपुर आरएस ठाकुर, एसडीएम उदयपुर शिवानी जायसवाल, तहसीलदार भूषण मंडावी सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
कलेक्टर-एसपी सहित अन्य अधिकारियों ने दी बधाई
फोटो-कलेक्टर व एसपी पुष्पगुच्छ भेंट करते
स्थानीय सर्किट हाउस में कमिश्नर डॉ संजय अलंग से मिलने अधिकारियों का तांता लगा रहा। निवर्तमान कमिश्नर जीआर चुरेन्द्र, कलेक्टर कुन्दन कुमार, पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता सहित अन्य अधिकारियों ने गुलदस्ता भेंट कर उन्हें बधाई व शुभकामनाएं दी। डॉ.अलंग ने निवर्तमान कमिश्नर जीआर चुरेन्द्र को मंत्रालय में संयुक्त सचिव पदस्थ होने पर बधाई दी।
नवपदस्थ कमिश्नर प्रभार लेते ही पहुंचे अल्प वर्षा का जायजा लेने खेत में वर्षा व फसल क्षति के संबंध में किसानों से की चर्चा, अधिकारियों को दिए निर्देश

Leave a reply