अंबिकापुर। कलेक्टर कुन्दन कुमार ने आगामी नौ अगस्त को आयोजित विश्व आदिवासी दिवस की तैयारी हेतु बुधवार को अधिकारियों की बैठक लेकर जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने राज्य शासन की मंशानुसार विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर जिले के विशेष पिछड़ी जनजाति सहित आदिवासी समुदाय के अधिक से अधिक हितग्राहियों को योजनाओं से लाभांवित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ऑनलाइन माध्यम से जिले में आयोजित कार्यक्रम से जुड़ेंगे और हितग्राहियों से संवाद करेंगे। उन्होंने आयोजन की तैयारी हेतु संबंधित विभाग के अधिकारियों का जरूरी दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आयोजन मे विशेष पिछड़ी जनजाति एवं अन्य जनजाति समुदाय के लोगों को वनाधिकार पत्र, शिशुवती माताओं को जननी सुरक्षा किट, कृषि बीज किट, स्प्रेयर पंप, दिव्यांगों को सहायक उपकरण, पात्र लोगों को दिव्यंगता प्रमाण पत्र, टार्च, मेधावी और प्रतियोगी परीक्षा में सफल युवाओं का सम्मान तथा स्कूली बच्चों को निश्शुल्क गणवेश व किताबें संबंधित विभाग के द्वारा प्रदाय किया जाएगा। बैठक में जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार लंगेह, अपर कलेक्टर एएल ध्रुव, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास जेआर नागवंशी सहित जनपद सीईओ एवं अन्य विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।
चयन का आधार मेरिट होगा
कलेक्टर ने इस दौरान विशेष पिछड़ी जनजाति के युवाओं के लिए तृतीय व चतुर्थ श्रेणी के पदों पर भर्ती हेतु चलाए जा रहे अभियान की समीक्षा करते हुए कहा कि चयन का आधार केवल मेरिट होगा। बहुत ही सावधानी व पारदर्शिता के साथ आवेदनों का संवीक्षा करें। संवीक्षा के लिए 4-5 अलग-अलग समिति बनाएं। किसी प्रकार की विवाद की स्थिति न बने।
Leave a reply
