samvaad
छत्तीसगढ़

बेकाबू ट्रेलर ने बाइक सवार भाइयों को मारी टक्कर, एक की मौत बड़े भाई का गंभीर स्थिति में चल रहा उपचार


दतिमा मोड़। सूरजपुर जिले के करंजी चौकी अंतर्गत दतिमा-लटोरी मुख्य मार्ग पर बुधवार की देर रात लगभग आठ बजे राई जंगल के समीप ट्रेलर से हुई टक्कर में बाइक में सवार सगे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल में उपचार के दौरान छोटे भाई मौत हो गई, बड़े भाई का उपचार चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक भैयाथान विकासखंड के ग्राम चिकनी (धरमपुर) निवासी दुलेश्वर देवांगन 23 वर्ष व मंगेश्वर देवांगन द्वय पिता गंगा राम 18 वर्ष बाइक में सवार होकर दतिमा हरिजनपारा निजी कार्य से गए थे। यहां से वापस घर लौटते समय राई जंगल के अंतिम छोर के पास विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार ट्रेलर क्रमांक सीजी 29 एबी 4003 से टक्कर हो गई, जिसमें दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। घटनास्थल पर ही मंगेश्वर की स्थिति काफी गंभीर थी। सूचना पर करंजी चौकी में पदस्थ एएसआइ संजय गोस्वामी, मनोज द्विवेदी, प्रधान आरक्षक सुनील भारती, आरक्षक चंद्र प्रकाश पाल, इमरान खान, दीपक सहित अन्य पुलिस कर्मी पहुंचे और स्थानीय लोगों के सहयोग से घायलों को अस्पताल भेजा। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए दोनों को अंबिकापुर रेफर कर दिया गया था, यहां मंगेश्वर देवांगन की इलाज के बीच देर रात 12 बजे मौत हो गई। घटना की सूचना पर स्वजन अस्पताल पहुंचे, इसके बाद कोहराम की स्थिति बन गई। करंजी पुलिस ने दुर्घटनाकारित ट्रेलर व दुर्घटनाग्रस्त बाइक को अपनी अभिरक्षा में ले लिया है।
रफ्तार पर लगाम नहीं, आए दिन हो रहे हादसे  
यातायात नियमों के पालन को लेकर जिम्मेदार अधिकारियों के द्वारा सख्ती नहीं दिखाने से तेज रफ्तार वाहन आए दिन राहगीरों को चपेट में ले रहे हैं। वर्तमान में काफी संख्या में ट्रेलर वाहन जगन्नाथपुर से करंजी साइडिंग से कोयला लेकर आती है। ट्रेलर चालक अधिक ट्रिप लगाने के चक्कर में रफ्तार को नजरअंदाज करते कोयला परिवहन करते नजर आते हैं। गति पर नियंत्रण नहीं होने से हादसों का डर बना रहता है। कई बार तेज रफ्तार वाहन के चालकों को समझाइश देने पर विवाद की स्थिति बन जाती है। पुलिस प्रशासन को इस दिशा में ठोस कदम उठाने की जरूरत है ताकि ऐसे वाहन चालकों पर कार्रवाई का भय बने और हादसे में असमय किसी की जान न जाने पाए।

Leave a Reply