अंबिकापुर। मेजर सोमनाथ स्टेडियम में मंगलवार को सैनिक स्कूल के कैडेटों के लिए एक विशेष फूड फेस्टिवल का आयोजन किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि सैनिक स्कूल के प्राचार्य कर्नल मिताली मधुमिता उपस्थित थीं। स्कूल की प्राचार्य ने बताया कि यह समारोह सीबीएसई के द्वारा घोषित 10वीं एवं 12वीं के शत-प्रतिशत परीक्षा परिणामों के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया, जिसमें स्कूल के लगभग 700 से अधिक कैडेट तथा 300 से अधिक कर्मचारी एवं उनके परिवार एक स्थान पर एकत्र हुए।
ज्ञातव्य है कि सैनिक स्कूल अंबिकापुर के दसवीं के कुल 101 कैडेटों में 98 प्रतिशत अंकों के साथ कैडेट अभिषेक महतो को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। 100 कैडेटों को 60 प्रतिशत से अधिक, 96 कैडेटों को 75 प्रतिशत से अधिक तथा 42 कैडेटों को 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त हुए। 12वीं के परीक्षा परिणामों में कैडेट शुभम तिवारी ने 92 प्रतिशत अंकों के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस अवसर पर उप प्राचार्य एवं प्रशासनिक अधिकारी की देखरेख में स्कूल के 600 से अधिक कैडेटों के साथ समस्त शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कर्मचारी उनके परिवार तथा स्कूल के समस्त अधिकारियों की उपस्थिति रही।
Leave a reply
