samvaad
छत्तीसगढ़

कोविड संक्रमण से बचाव के लिए लगवाएं निश्शुल्क बुस्टर डोज स्वास्थ्य मंत्री ने टीकाकरण का किया शुभारंभ, महापौर सहित अन्य अधिकारियों ने लगवाया टीका


अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री टीएस सिंहदेव ने शुक्रवार को शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नवापारा में कोविड के निश्शुल्क बूस्टर डोज का शुभारंभ किया। 18 से 59 आयु वर्ग के ऐसे व्यक्ति जिन्होंने कोविड के दोनों डोज छह माह पहले लगवा लिया है, वे सभी टीकाकरण केंद्रों में निश्शुल्क एहतियाती डोज लगवा सकते हैं। स्वास्थ्य मंत्री ने टीकाकरण के संबंध में चिकित्सकों एवं एएनएम से पूछताछ कर जानकारी ली। उन्होंने कम से कम वायल का नुकसान हो, इसका ध्यान रखने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि कोविड संक्रमण के खतरे से बचाव के लिए टीकाकरण जरूरी है। टीकाकरण के बाद शरीर संक्रमण के खतरे से बचाव कर पाएगा। संक्रमण होगा तो भी गंभीर लक्षण नहीं आएंगे। उन्होंने कहा आज से 75 दिन के लिए 18 से 59 आयु वर्ग के लोगों के लिए निश्शुल्क बूस्टर डोज लगाई जाएगी, जो अब तक कोई भी डोज नहीं लगवाए हैं वे जल्द से जल्द डोज लगवाएं। सर्दी-खांसी बुखार हो तो टीका न लगवाएं। शुभारंभ अवसर पर महापौर डॉ.अजय तिर्की ने बूस्टर डोज का टीका लगवाया। साथ ही अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि व अधिकारियों ने भी बूस्टर डोज लगवाया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ श्रम कल्याण मंडल के अध्यक्ष शफी अहमद, छत्तीसगढ़ आदिवासी स्थानीय स्वास्थ्य परंपरा एवं औषधि पादप बोर्ड के अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक, जिला पंचायत सदस्य राकेश गुप्ता, सीएमएचओ डॉ.पीएस सिसोदिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
बच्चों का टीकाकरण भी जरूरी
स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा स्कूली बच्चों का भी टीकाकरण होना जरूरी है, लेकिन वैकल्पिक आधार पर टीकाकरण के लिए बच्चों और उनके अभिभावकों को प्रोत्साहित किया जाना है। अभिभावकों की सहमति से ही ऐसे बच्चों का टीकाकरण किया जाएगा।

Leave a Reply