samvaad
छत्तीसगढ़

शिक्षक ने की ऐसी पिटाई कि बच्चे के कान से खून निकला, अपराध दर्ज


अंबिकापुर। सरगुजा जिले के सीतापुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम लिचिरमा स्थित प्राथमिक पाठशाला के शिक्षक तुलसी गुप्ता ने कक्षा चौथी में पढऩे वाले छात्र को इतनी जोर से थप्पड़ मारा कि उसके कान से खून निकलने लगा। बीईओ के नेतृत्व में टीम ने प्रकरण की जांच कर प्रतिवेदन जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को प्रस्तुत किया है। शिक्षक पर लगे आरोप प्रमाणित पाए गए हंै, जिससे विभागीय कार्रवाई भी संभावित है, वहीं पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक सीतापुर विकासखंड के ग्राम पंचायत लिचिरमा प्राथमिक शाला में चौथी कक्षा में पढऩे वाले 10 वर्षीय छात्र की पिटाई पंचायत सहायक शिक्षक तुलसी गुप्ता ने की थी, जिससे बच्चे के कान से खून निकलने लगा। इसके बाद खून साफ करके बच्चे को घर भेज दिया गया था। स्वजनों को जब इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने बच्चे का इलाज कराया और थाने में शिकायत दर्ज कराई। बीईओ मिथिलेश सिंह सेंगर ने बताया शिकायत की जांच की गई है, जांच के दौरान शिक्षक ने कहा कि छात्र असुरक्षित तरीके से दीवार पर चढ़ रहा था, मना करने के बाद भी वह नहीं माना, तो उन्होंने उसे एक थप्पड़ मार दिया था। शिक्षक के बयान के विपरीत बच्चे को तीन-चार थप्पड़ मारने की बात दूसरे पक्ष ने कही है। बीईओ ने बताया कि जिस शिक्षक पर आरोप लगा है वह पंचायत शिक्षक है, उसके खिलाफ कार्रवाई का अधिकार जनपद पंचायत को है। जांच कर अग्रिम कार्रवाई के लिए प्रतिवेदन जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को प्रेषित कर दिया गया है। इधर स्वजनों की शिकायत पर सीतापुर थाने की पुलिस ने शिक्षक तुलसी गुप्ता के खिलाफ धारा 323 आइपीसी तथा किशोर न्याय अधिनियम की धारा 75 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है।

Leave a Reply