samvaad
छत्तीसगढ़

विवि परिसर में कर्मचारियों ने तीन सूत्रीय मांगों को लेकर हल्ला बोला नारेबाजी के बाद कुलपति को सौंपा ज्ञापन, कहा-तीन दिन में मांग पूरी नहीं होने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल


अंबिकापुर। संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय के कर्मचारियों ने तीन सूत्रीय मांगों को लेकर विश्वविद्यालय कुलपति को ज्ञापन सौंपा है। गुरूवार को कर्मचारियों ने विश्वविद्यालय परिसर मेें जमकर नारेबाजी की और तीन दिन में मांग पूरी नहीं होने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी है।
कर्मचारियों के संघ ने मांग पत्र नहीं लेने को लेकर कुलपति के व्यवहार पर नाराजगी जाहिर की, हालांकि बाद मेंकर्मचारी संघ के पांच सदस्य कुलपति के कार्यालय में जाकर ज्ञापन दिए और अपनी मांगों से क्रमवार अवगत कराए। विश्वविद्यालय के कर्मचारियों का कहना है लंबे अरसे से सेवा दे रहे कर्मचारियों को नियमित नहीं किया जा रहा है, जबकि इस ओर कई बार ध्यानाकर्षण कराया गया है। लंबे समय से कार्यरत कर्मचारियों को नियमित करने की मांग की गई है। साथ ही दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों का शासकीय अवकाश के दौरान का वेतन नहीं काटने, विश्वविद्यालय में सेवा दे रहे कर्मचारियों का ईपीएफ काटने की मांग की गई है। कर्मचारियों ने बताया कि शासन ने दो साल पहले ही उनकी मांगों को मान लिया है, लेकिन विश्वविद्यालय के जिम्मेदार अधिकारी शासन के आदेशों को ताक पर रखकर चल रहे हैं, इसका खामियाजा कर्मचारियों को भुगतना पड़ रहा है। कर्मचारी संघ ने तीन दिन का समय देते हुए मांगों को पूरा करने आवाज उठाई है। कहा गया है कि इस अवधि में उनकी मांगों को पूरा नहीं किया गया, तो  वे अनिश्चितकालीन  हड़ताल करेंगे, इसकी जिम्मेदारी विश्वविद्यालय के कुलपति और कुलसचिव की होगी। इस दौरान जवाहर मिंज अध्यक्ष कर्मचारी संघ, विश्वविद्यालय के कर्मचारी चंदन कुमार पाठक, दीप्ति जयसवाल सहित अन्य उपस्थित थे।

Leave a Reply