अंबिकापुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के गर्दनपाठ में एक व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर कोतवाली पुलिस पहुंची। जांच में मृतक की शिनाख्त अंबिकापुर के घुटरापारा निवासी युवक के रूप में की गई है, जिसे कुत्ते के काटने के बाद रैबीज से ग्रसित होना बताया जा रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हेतु भेजा है, अग्रिम जांच जारी है।
राजमाता देवेंद्र कुमारी सिंहदेव शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध जिला अस्पताल में रविवार की शाम उस वक्त हड़कंप की स्थिति बन गई, जब रैबीज से ग्रसित एक मरीज को संजीवनी 108 एंबुलेंस से लाया गया। आपातकालीन कक्ष के सामने एंबुलेंस में रैबीज से ग्रसित मरीज था, जो कुछ देर बाद जोर-जोर से चीखने चिल्लाने लगा। उसकी हरकत को देखकर एंबुलेंस के पॉयलट व ईएमटी ने दरवाजा नहीं खोला। इसके बाद युवक एंबुलेंस क्रमांक सीजी 04 एनडी 2982 की खिड़की का कांच फोड़ डाला। लोग कुछ समझ पाते इसके पहले वह खिड़की से कूदकर अस्पताल परिसर से बाहर निकला और बिलासपुर चौक की ओर भाग निकला। इस दौरान अस्पताल परिसर में मौजूद लोग सकते में आ गए। एंबुलेंस के पॉयलट और ईएमटी को भागे युवक के स्वजनों के द्वारा बीमारी से संबंधित किसी प्रकार की जानकारी नहीं दी गई थी। ऐसे में वे उक्त युवक को एंबुलेंस से लेकर आराम से अस्पताल से आ गए। घुटरापारा स्थित घर के पास युवक ने ऐसी कोई हरकत भी नहीं की थी, जिसे लेकर वे सावधान रहते। युवक का नाम हरिप्रसाद उम्र 40 वर्ष बताया जा रहा है। बताया जा रहा है उक्त युवक एंबुलेंस का कांच फोड़कर भागने के बाद घर नहीं पहुंचा था। सोमवार को गर्दनपाट में एक युवक का शव मिलने की सूचना पर पुलिस पहुंची, तो उक्त युवक की पहचान घुटरापारा निवासी हरिप्रसाद के रूप में हुई। युवक को लगभग दो माह पहले कुत्ते के काटने की बात सामने आई है, संभवत: इसके बाद वह उसका उचित उपचार नहीं कराया था।
एंबुलेंस का कांच फोड़कर भागा रैबीज से पीडि़त, गर्दनपाठ में मिला शव रविवार की शाम स्वजन लेकर पहुंचे थे अस्पताल

Leave a reply