samvaad
छत्तीसगढ़

साप्ताहिक बाजार रोड के मुहाने पर बना पुल ग्रामीणों एवं मवेशियों के लिए खतरनाक ग्राम पंचायत लहपटरा में राष्ट्रीय राजमार्ग से लगा है बाजार


अंबिकापुर। ग्राम पंचायत लहपटरा में राष्ट्रीय राजमार्ग से लगे साप्ताहिक बाजार रोड के मुहाने पर गलत तरीके से हुए पुल निर्माण का खामियाजा पूरे क्षेत्र के ग्रामीणों एवं मवेशियों को भुगतना पड़ रहा है। पुलिया के अधूरे पड़े निर्माण कार्य लोगों के लिए जानलेवा साबित हो सकते हैं। पुल निर्माण कार्य का निकला सरिया आम लोगों को ही नहीं, मवेशियों को भी चोटिल कर रहा है।
साप्ताहिक बाजार जाने का एकमात्र रोड होने के कारण आसपास से आने-जाने वाले ग्रामीणों को परेशानी होती है। बाजार करने के लिए जाने वाला व्यक्ति अपनी कार, ट्रेक्टर, पिकअप एवं अन्य चार पहिया, दो पहिया वाहन को ले जाना चाहे तो वह संभव नहीं है, क्योंकि राष्ट्रीय राजमार्ग वाले बाजार रोड के मुहाने पर ही पुलिया का निर्माण किया गया है, जिससे वाहन चलाना संभव नहीं है। अगर कोई गलती से वाहन बाजार रोड में उतारकर ले जाता है तो वापसी में वाहन को सड़क पर घाट होते चढ़ाना मुश्किल हो जाता है। पुलिया में बरसाती पानी का निकासी सही तरीके से नहीं होता है, पूरा पानी पहले पुलिया के नीचे भरता है उसके बाद ओवर फ्लो होकर बाजार रोड में बहते रहता है, जिससे आने-जाने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। पुलिया के नीचे बचा हुआ बरसाती पानी एवं कचरे की बदबू से बीमारी फैलने का खतरा रहता है। राष्ट्रीय राजमार्ग द्वारा पुलिया के निर्माण पश्चात होने वाली अव्यवस्थाओं एवं परेशानियों को नजरअंदाज कर पुल का गलत एवं अधूरा निर्माण किया गया है। साप्ताहिक बाजार रोड़ के पुलिया को नही सुधारा गया तो आज और भविष्य में आसपास के लोगों के लिए जान का खतरा एवं आवागमन की समस्या हमेशा बना रहेगा ।

Leave a Reply