samvaad
छत्तीसगढ़

चिकित्सक के नवनिर्मित मकान से वायरिंग तार चोरी कर बेचा कबाड़ी को, दोनों गिरफ्तार गांधीनगर पुलिस 24 घंटे के अंदर पहुंची आरोपितों तक, चोर ने तार को जलाकर तांबे को बेचा कबाड़ी को


अंबिकापुर। चिकित्सक ने नवनिर्मित मकान से अज्ञात चोरों के द्वारा वायरिंग में लगे तार को काटकर की गई चोरी के मामले में पुलिस ने आरोपित को 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर चोरी का तार खरीदने वाले कबाड़ी को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपित के पास से एक लाख रुपये से अधिक का तार बरामद करने में सफलता हासिल की है।
जानकारी के मुताबिक राजीव सिंह पिता लालजी सिंह 33 वर्ष निवासी नमनाकला ने रिपोर्ट दर्ज कराया था कि 29 जून की रात डॉ.अर्पण सिंह चौहान के नवनिर्मित मकान से अज्ञात चोर ने वायरिंग में लगे तार को काटकर चोरी कर लिया है। रिपोर्ट पर पुलिस अज्ञात के विरूद्ध धारा 457, 380 का मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में ली। पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने चोरी के मामले को संज्ञान में लेकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला एवं नगर पुलिस अधीक्षक अखिलेश कौशिक को आरोपितों की गिरफ्तारी हेतु निर्देशित किया। अधिकारियों के निर्देशन में थाना प्रभारी गांधीनगर कलीम खान ने विशेष टीम गठित कर आरोपित की तलाश शुरू की और घटना स्थल के सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन किया। मुखबिर की सूचना एवं फुटेज में मिले हुलिया के आधार पर पुलिस ने देवेेंद्र यादव पिता भीषम यादव 19 वर्ष निवासी ज्ञानसागर गली गांधीनगर को हिरासत में लिया और कड़ाई से पूछताछ की तो उसने वायरिंग तार को चोरी करने के बाद जलाकर तांबा को कबाड़ी पुसगर गोयल 55 वर्ष निवासी कैलाश मोड़ सत्तीपारा के कबाड़ दुकान पुराना बस स्टैंड के पास बेचना बताया। पुसगर गोयल को हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उसने तांबा का तार खरीदना स्वीकार किया। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर चोरी के बाद जलाकर बेचे गए तांबा के तार को बरामद किया। आरोपितों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक मो.कलीम खान, प्रधान आरक्षक संतोष कश्यप, आरक्षक उमाशंकर साहू, सतेन्द्र दुबे, बृजेश राय, प्रविन्द सिंह, अमृत सिंह, अनिल सिंह, अतुल सिंह, समीनुल हसन, प्रदीप सिंह, बहाल राम, श्याम लाल, मानसिंह सहित थाना के अन्य स्टाफ सक्रिय रहे।

Leave a Reply