अंबिकापुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अपने भेंट-मुलाकात अभियान के दौरान सरगुजा जिले के सरमना पहुंचे। यहां सरई पेड़ की छांव के नीचे मुख्यमंत्री ने बैठकर लोगों से शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी हकीकत जाना। वहीं शासकीय योजनाओं का जीवन पर प्रभाव को भी जानने का प्रयास मुख्यमंत्री ने किया। सरमना गौठान से जुड़कर काम कर रही स्व-सहायता समूह की महिलाओं से मुख्यमंत्री रूबरू हुए। महिलाओं ने बताया कि वे गौठान में ही कई तरह की आर्थिक गतिविधियों का संचालन कर रही हैं और आर्थिक रूप से संबल बन रही हैं। आत्मविश्वास से लबरेज महिलाओं की बातें सुनकर मुख्यमंत्री सहसा बोल उठे कि मेहनत का जब फल मिलता है तो आत्मविश्वास बढ़ता ही है।
गौरतलब है बीते चार मई से मुख्यमंत्री प्रदेश के सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों का दौरा शुरू किए हैं। भेंट-मुलाकात अभियान में मुख्यमंत्री आम जनता से सीधे संपर्क साध रहे हैं और संवाद कर रहे हैं। मुख्यमंत्री यह जानने का प्रयास कर रहे हैं कि शासकीय योजनाएं जमीनी स्तर पर क्रियान्वयित हो भी रही हैं या नहीं। शासकीय योजनाओं का लाभ आमजन को कितना मिल रहा है और जनता अब भी किन समस्याओं से जूझ रही है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री का सरमना पहुंचे। मुख्यमंत्री ने गौठान की स्थिति पर जानकारी ली। महिलाओं से गौठान में संचालित गतिविधियों को जाना। गौठान से जुड़कर काम कर रही स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने बताया कि गौठान में जो गोबर खरीदी जा रही है, उससे वे वर्मी कंपोस्ट के रूप में जैविक खाद का निर्माण कर रही हैं। खाद बेचकर अब तक समूह को 68 हजार का लाभ हुआ है। गौठान में ही मुर्गीपालन, बटेर पालन किया जा रहा है। इससे उन्हें एक लाख 65 हजार रुपये का आर्थिक लाभ हो चुका है। महिलाओं ने बताया कि उन्हें मुर्गीपालन में अब तक सबसे अधिक लाभ हुआ है। प्रतिदिन औसतन 150 नग अंडा की बिक्री 6 रुपये प्रति नग अंडा के हिसाब से वे करती हैं।
समूह को अब नए अवसर की तलाश-
स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने बताया कि गोबर से उत्पाद बनाने के साथ मुर्गीपालन, बटेर पालन तो वे कर ही रही हैं। फिनाइल बनाकर आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई की जा रही है। इसके अलावा अब समूह नए अवसर की तलाश में है। वे मछलीपालन और सुकर पालन की भी योजना बना रही हैं। यह सुनकर मुख्यमंत्री ने उन्हें प्रोत्साहित किया।
राजापुर और सरमना में कई विकास कार्यों की सौगात-
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सीतापुर विधानसभा क्षेत्र के राजापुर एवं सरमना में आयोजित जन चौपाल में पुल-पुलियों, स्टेडियम, उप तहसील सहित कई विकास कार्यों एवं जन सुविधा की सौगातें दी। मुख्यमंत्री ने राजापुर जन चौपाल में राजपुर में स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल खोलने, राजापुर को उप तहसील का दर्जा देने, मांड नदी पर हर्रापार में पुल निर्माण, राजापुर हाईस्कूल में बाउंड्रीवॉल निर्माण, राजापुर में ग्रामीण सहकारी बैंक खोलने, पेयजल के लिए नल-जल योजना शुरू करने तथा मैनपाट में स्टेडियम निर्माण की घोषणा की। इसी तरह बतौली विकासखंड के ग्राम सरमना में आयोजित जन चौपाल में समनिया से सिकनिया तक तथा कदनई से समनिया-मैनपाट तक सड़क निर्माण, माड़ नदी भंडार डांड़ में एनीकट का निर्माण, बतौली से करदना तक सड़क चौड़ीकरण, चिरगा मोड़ से एनएच-43 तक सड़क निर्माण, बतौली को राजस्व अनुभाग बनाने परीक्षण कराने तथा संभव हो तो लिंक कोर्ट शुरू की घोषणा की।
बर्तन मांजकर पढ़ाई कर रही छात्रा का बढ़ाया हौसला-
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से सरमना में भेंट मुलाकात के दौरान साइंस स्नातक की पढ़ाई कर रही निर्धन छात्रा छाया मिश्रा ने सहायता की मांग की। उसने बताया कि वह बर्तन मांजकर पढ़ाई कर रही है। वह झोपड़ी में रहती है, जहां शौचालय भी नहीं है। मुख्यमंत्री ने छाया को योजनाओं से लाभांवित कराने के निर्देश कलेक्टर को दिए। मुख्यमंत्री ने छात्रा की सराहना करते हुए कहा कि कोई काम छोटा नहीं होता। मेहनत से सफलता मिलती है, खुशहाली आती है। अपने काम पर गर्व करना चाहिए और सम्मान से जीना चाहिए।
मेहनत का फल मिलने पर बढ़ता है आत्मविश्वास-भूपेश बघेल मुख्यमंत्री सरमना में गौठान से जुड़ी महिलाओं से मिले, आर्थिक संबल बन रही महिलाएं

Leave a reply