अंबिकापुर। विश्वविद्यालय की मुख्य परीक्षा प्रारंभ हो गई है। वहीं परीक्षा शुरू होने के चंद मिनट बाद विश्वविद्यालय के आधिकारिक वेबसाइट ने काम करना बंद कर दिया, जिससे छात्रों के बीच समस्या निर्मित हो गई। जिन विषयों के पेपर अपलोड हुए थे, उनमें पूरे प्रश्न नहीं थे। दो विषयों के एक जैसे प्रश्नपत्र अपलोड थे। इसकी जानकारी अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद को मिली और वे संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने वेबसाइट में तकनीकि खामी की जानकारी देते हुए ऐन परीक्षा के मौके पर बनी व्यवधान की स्थिति को लेकर नाराजगी जाहिर की। अभाविप के प्रदेश सहमंत्री निखिल मराबी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने परीक्षा प्रभारी को लिखित में ज्ञापन सौंपा। इसके तत्काल बाद समस्याओं का समाधान हो गया। अभाविप ने विश्वविद्यालय के परीक्षा प्रभारी से मांग की है कि वे विश्वविद्यालय का स्वयं का वेबसाइट निर्माण कराएं, जिससे ऐसी समस्याओं की पुनरावृत्ति न हो। परीक्षा प्रभारी अंतराम चौरे ने कहा हम यथासंभव ऐसी दिक्कत न हो, इसके सुधार हेतु आवश्यक पहल करेंगे। अभाविप के पदाधिकारियों का कहना था कि विवि के गैर जिम्मेदाराना रवैयेे के कारण आए दिन ऐसी दिक्कतें आती हैं। कई बार विवि का स्वयं का वेबसाइट हो इसके लिए ध्यानाकर्षण कराया गया है, लेकिन इनके कानों में जूं नहीं रेंगी है। छात्रहित की मांगों को लेकर अनदेखी किए जाने से कार्यकर्ता नाराज दिखे। इधर परीक्षा प्रभारी ने एक बार फिर जल्द ही विश्वविद्यालय का निजी वेबसाइट बनवाने के लिए आश्वस्त किया है। ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रदेश सहमंत्री निखिल मराबी, विभाग संयोजक सूर्यकांत सिंह, प्रांत सोशल मीडिया के सह संयोजक विवेक तिवारी, नगर सहमंत्री यशराज सिंह, उज्ज्वल तिवारी, गोपाल सिंह, राहुल यादव सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Leave a reply
