अंबिकापुर। रायपुर में आयोजित आइएएस कॉन्क्लेव में प्रदेश के तमाम आइएएस पहुंचे हैं। इस कॉन्क्लेव का हिस्सा प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी बने। शुक्रवार की शाम सभी आइएएस अफसरों ने रंगारंग कार्यक्रमों की प्रस्तुति से माहौल ही बदल डाला। सरकारी काम-काज में व्यस्त रहने वाले आइएएस इस मौके पर अलग रूप में नजर आए।
सरगुजा संभाग के मशहूर करमा के गाने हाय रे सरगुजा नाचे में सरगुजा संभाग के कमिश्नर जीआर चुरेन्द्र, सरगुजा कलेक्टर संजीव कुमार झा, नगर निगम अंबिकापुर के आयुक्त विजय दयाराम के, बलरामपुर कलेक्टर कुंदन कुमार, सूरजपुर सीईओ राहुल देव और सहायक कलेक्टर श्वेता सुमन ने ऐसा करमा नृत्य प्रस्तुत किया कि वहां मौजूद लोग भी अपने को रोक न पाए, इनके भी कदम थिरकने लगे। आइएएस अफसरों ने पारंपरिक वेशभूषा में ऐसा नृत्य किया जैसे पारंगत कलाकारों की टोली मंच पर प्रस्तुति दे रही हो। इनके नृत्य को देखकर कॉन्क्लेव में उपस्थित प्रदेश के तमाम आइएएस भी अपने आपको रोक नहीं पाए और सरगुजिहा करमा गाने के बीच नृत्य का भरपूर आनंद लिया। सरगुजा संभाग के आइएएस अफसरों का दल सरगुजा के पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत करने जब स्टेज पर उतरे तब वे पारंपरिक वेशभूषा में मांदर के साथ थे। मांदर की थाप कुछ ऐसी थी कि सभी थिरक उठे। आइएएस कॉन्क्लेव में अफसरों के नृत्य का जैसे ही वीडियो सरगुजा के लोगों तक पहुंचा तो सरगुजा वासियों के चेहरे खिल उठे। आइएएस अफसरों का पारंपरिक, ग्रामीणों की वेशभूषा में नृत्य इंटरनेट मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है और तरह-तरह के कमेंट सामने आ रहे हैं।
आइएएस कॉन्क्लेव में हाय रे सरगुजा नाचे, पर जमकर थिरके सरगुजा संभाग के कमिश्नर, कलेक्टर फोटो-

Leave a reply