0 जय हनुमान ज्ञान गुन सागर से गुंजायमान हुए मंदिर
0 निकली भव्य शोभायात्रा, सुंदरकांड व हनुमान चालीसा के सामूहिक पाठ का हुआ आयोजन
सूरजपुर। वैदिक मंत्रोच्चारण व विविध धार्मिक आयोजनों के साथ जिले भर में शनिवार को धूमधाम से हनुमान प्रभु का जन्मोत्सव मनाया गया। इस अवसर पर प्रातः से ही मंदिरों में धार्मिक मंत्रोचारण के साथ हनुमान प्रभु की पूजा अर्चना का क्रम प्रारम्भ हो गया था जो देर शाम तक चलता रहा। शाम को जय श्री राम, जय जय हनुमान के गगन भेदी जयघोष के बीच बाजे गाजे व रंगबिरंगे आतिशबाजी के साथ कई समितियों के द्वारा हनुमान प्रभु की भव्य शोभायात्रा निकाली गई जो नगर के मुख्य मार्गो से होकर वापस मंदिर पहुंची। नगर के भैयाथान रोड पंचमन्दिर, नेहरूपार्क रोड, मेन रोड, राममंदिर, जेलपारा, नया बाजार पारा, मानपुर मोहल्ला सहित पर्री स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर, चंदरपुर, तिलसिंवा व पचिरा स्थित हनुमान मंदिरों को रंग रौग़न के साथ आकर्षक सजसजजा से सजाया गया गया था। जहां शनिवार सुबह से ही ब्राह्मणों के द्वारा धार्मिक मंत्रोचारण के साथ हनुमान प्रभु की पूजा अर्चना का दौर प्रारम्भ हो गया था। प्रातः से ही हनुमान प्रभु के भक्त भी बड़ी संख्या में पूजा अर्चना के लिए पहुंचते रहे और जय हनुमान ज्ञान गन सागर से मंदिर परिसर गुंजता रहा । नेहरू पार्क रोड स्थित हनुमान मंदिर में मारुति सेवा समिति, पंचमन्दिर में बजरंग सेवा समिति के द्वारा हनुमान प्रभु की पूजा अर्चना के साथ अखण्ड रामचरित मानस पाठ, श्री सुंदरकांड व हनुमान चालीसा के सामूहिक पाठ एवं भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। वहीं प्रभु को छप्पनभोग भी लगाए गए। जिसमें बड़ी संख्या में हनुमान प्रभु के भक्त शामिल हुए। तत्पश्चात नगर में बाजे गाजे के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई जो नगर के सभी मुख्य मार्गो से होते हुए हनुमान मंदिर पहुंची। जहां देर शाम स्थानीय व बाहर से आये हुए भजन गायकों के द्वारा भजन संकीर्तन के साथ रात्रि जागरण का आयोजन किया गया। इधर बजरंग दल के द्वारा भी हनुमान प्रभु की भव्य शोभायात्रा निकाली गई थी।
0 पंचमुखी हनुमान मंदिर से निकली भव्य कलश यात्रा
समीपस्थ ग्राम पर्री स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर में जन्मोत्सव के मौके पर भव्य कलश यात्रा निकाली गई। सिर पर कलश रखे महिलाओं की टोली जब निकली तो ग्राम पंचायत पर्री का वातावरण पूर्णरूपेण भक्तिमय हो गया। कलश यात्रा में भारी संख्या में महिलाएं सिर पर कलश व हाथों में भगवा ध्वज रख कर हनुमान प्रभु के भजनों के साथ झूमती चल रही थीं। सभी हनुमान भक्त भगवा रंग मे सराबोर थे। कलश यात्रा ग्राम पंचायत पर्री हनुमान मंदिर से ग्राम के देवल्ला में पूजा अर्चना कर पूरे गांव में यात्रा करते हुए महगवां चौक होते हुए मुख्य मार्ग से निकाली गई। पंडित होटल में भक्तो के लिए जलपान की व्यवस्था की गई थी। सुबह से ही पंचमुखी हनुमान मंदिर में भक्तों की तांता लगा हुआ था मंदिर में पूजा अर्चना व हवन पूजन कर समिति की ओर से विशाल भंडारा का भी आयोजन किया गया। इस अवसर पर समिति के सदस्य जीतराम कुशवाहा, पारस सिंह, उमेश चौबे, मनोज कुशवाहा, राकेश जायसवाल, हीरालाल कुशवाहा, राहुल राजवाडे, शंकर राजवाड़े, कृष्णा कुशवाहा, प्रेम राजवाड़े, बिंदेश्वर कुशवाहा, शिवराज सोनी, हिमांचल राजवाड़े, डाबर राजवाड़े, शशि भूषण कुशवाहा, मनोज देवांगन, शुभम अग्रवाल, रामविलास कुशवाहा, दिनेश रजवाड़े व सैकड़ों हनुमान भक्त शामिल रहे।
